कानपुर, 8 अक्टूबर। आगामी पर्व एवं त्योहारों के दौरान कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर संभावित यात्री भीड़ के सुरक्षित एवं व्यवस्थित प्रबंधन तथा आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के लिए मंगलवार को रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के नेतृत्व में विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों एवं रेलवे विभागों के समन्वय से संयुक्त मॉक ड्रिल आयोजित की गई।मॉक ड्रिल के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 2 एवं 3 पर अत्यधिक भीड़ की काल्पनिक स्थिति बनाकर टेंट साइड गेट संख्या-2 को प्रतिबंधित किया गया और यात्रियों को वैकल्पिक होल्डिंग एरिया में सुरक्षित रूप से डायवर्ट किया गया। भीड़ सामान्य होने पर Guided Way के माध्यम से यात्रियों को कतारबद्ध कर प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर लाया गया और विशेष ट्रेन में सुरक्षित बैठाने का अभ्यास किया गया।इस दौरान ड्रोन से स्टेशन परिसर एवं भीड़ की निगरानी, यातायात डायवर्जन तथा आपातकालीन चिकित्सा प्रतिक्रिया का भी अभ्यास किया गया। काल्पनिक रूप से एक यात्री के गंभीर रूप से अस्वस्थ होने पर Rescue, CPR एवं प्राथमिक उपचार देकर एंबुलेंस से अस्पताल भेजने की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया।मॉक ड्रिल में RPF, GRP, सिविल पुलिस, ट्रैफिक पुलिस सहित Commercial, Operating, Signal & Telecommunication, C&W, Electrical, Medical एवं अन्य रेलवे विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों ने सहभागिता की। सहायक सुरक्षा आयुक्त RPF विवेक वर्मा, प्रभारी निरीक्षक RPF कानपुर सेंट्रल सिद्धनाथ पाटीदार, RPF के 40 तथा GRP SHO ओमनारायण सिंह के नेतृत्व में 30 जवानों समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।अभ्यास के बाद अधिकारियों ने पूरी कार्रवाई की समीक्षा कर त्योहारों के दौरान भीड़ की सतत निगरानी, यात्री डायवर्जन, होल्डिंग एरिया के उपयोग, मेडिकल रिस्पॉन्स और विभागीय समन्वय को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। मॉक ड्रिल शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
त्योहारों पर भीड़ से निपटने को कानपुर सेंट्रल पर मॉक ड्रिल