कानपुर। कानपुर युवा उद्योग व्यापार मंडल उत्तर की जिला कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए विभिन्न पदों पर 131 व्यापारियों को मनोनीत किया गया। जिला अध्यक्ष महेंद्र गुप्ता ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा की सहमति तथा संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों की संस्तुति के बाद कार्यकारिणी का विस्तार किया गया है। इसमें कानपुर उत्तर क्षेत्र के विभिन्न बाजारों और ट्रेडों से जुड़े व्यापारियों को प्रतिनिधित्व दिया गया है। नवगठित कार्यकारिणी में वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर 15, उपाध्यक्ष पद पर 24, वरिष्ठ मंत्री पद पर 25, मंत्री पद पर 32, संगठन मंत्री पद पर 20 और प्रचार मंत्री पद पर चार पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। विधिक मंत्री पद पर दीपक श्रीवास्तव और रोहित जायसवाल को मनोनीत किया गया। जिला कार्यसमिति सदस्य पद पर सात व्यापारियों को शामिल किया गया। इससे पूर्व कार्यकारिणी में चेयरमैन राहुल दीक्षित, अध्यक्ष महेंद्र गुप्ता, महामंत्री कामिल अंसारी, कोषाध्यक्ष अमित दोसर और सह कोषाध्यक्ष अंकित मिश्रा ‘ऋतिक’ की नियुक्ति हो चुकी है। संगठन के पदाधिकारियों ने नवनियुक्त सदस्यों को बधाई देते हुए व्यापारी हित में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा जताई। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी संस्थापक पूर्व सांसद स्वर्गीय श्याम बिहारी मिश्रा के बताए मार्ग पर चलते हुए संगठन को मजबूत करने और व्यापारियों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने का काम करेंगे।
व्यापार मंडल की टीम में 131 नए पदाधिकारी