कानपुर। राजस्थान पुलिस की सूचना पर आरपीएफ कानपुर सेंट्रल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सोना चोरी के प्रकरण में वांछित दो व्यक्तियों को ट्रेन से पकड़ लिया। 16 सितंबर को थाना मेड़ता, राजस्थान पुलिस से दोनों के फोटो और सूचना मिलने के बाद आरपीएफ ने ट्रेन संख्या 15633 में सघन चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान फोटो के आधार पर दोनों की पहचान कर उन्हें स्लीपर कोच से उतारकर आरपीएफ पोस्ट कानपुर सेंट्रल लाया गया। इसके बाद थाना मेड़ता पुलिस को सूचना दी गई। पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान संदीप कुमार मंडल निवासी मेतीयादार, गरबेटा-III, पश्चिम मेदिनीपुर, पश्चिम बंगाल और राजू शर्मा निवासी सर्वनी, थाना सर्बनी, जिला पश्चिम मेदिनीपुर, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई।गुरुवार को थाना मेड़ता से राजस्थान पुलिस टीम कानपुर सेंट्रल पहुंची। आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन के बाद दोनों को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए राजस्थान पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों मेड़ता स्थित एक सर्राफा दुकान में कार्यरत थे और दुकान से सोना चोरी के प्रकरण में वांछित थे। राजस्थान पुलिस द्वारा चोरी गए सोने की बरामदगी और दोनों के खिलाफ दर्ज मुकदमे में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
सोना चोरी के दो आरोपी आरपीएफ के हत्थे चढ़े