पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, अस्पताल में हुआ दीप प्रज्ज्वलन
कानपुर। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की ओर से गुरुवार को ‘ग्रीन टुडे, हेल्दी टुमॉरो’ थीम पर वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। UISEMH पार्किंग क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में वूमेन एम्पावरमेंट वेलफेयर सोसाइटी और गंगा टास्क फोर्स ने सहयोग किया। अभियान के तहत कुल 200 पौधे रोपे गए, जिनमें 100 इनडोर पौधे और 100 छोटे ऑक्सीजन प्रदान करने वाले पौधे शामिल रहे। स्वयंसेवकों, संस्था के सदस्यों और मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि कल्याणपुर विधायक एवं पूर्व राज्यमंत्री नीलिमा कटियार रहीं। उन्होंने कहा कि वृक्ष पर्यावरण को स्वच्छ और संतुलित रखने के साथ आने वाली पीढ़ियों के स्वस्थ जीवन का आधार हैं। मेडिकल कॉलेज जैसे संस्थानों में इस तरह के अभियान विद्यार्थियों, चिकित्सकों, कर्मचारियों और समाज को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम का आयोजन डॉ. सीमा द्विवेदी के मार्गदर्शन में किया गया। डॉ. अनीता गौतम आयोजक तथा डॉ. वंदना शर्मा, डॉ. सुचिता त्रिपाठी और डॉ. करिश्मा शर्मा समन्वयक रहीं। विशेष अतिथि के रूप में वूमेन एम्पावरमेंट वेलफेयर सोसाइटी की संस्थापक डॉ. प्रतिभा मिश्रा, गंगा टास्क फोर्स के सूबेदार रणबीर राउतेला और नमामि गंगे के जिला परियोजना अधिकारी डॉ. शशांक शुक्ला उपस्थित रहे।
दीप प्रज्ज्वलित कर मनाया जन्मदिन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में अस्पताल परिसर में दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसका नेतृत्व विभागाध्यक्ष डॉ. सीमा द्विवेदी और डॉ. अनीता गौतम ने किया। इस दौरान डॉ. नीना गुप्ता, डॉ. रेणु गुप्ता, डॉ. शैली अग्रवाल, डॉ. पाविका लाल, डॉ. दिव्या द्विवेदी, डॉ. प्रतिमा वर्मा, डॉ. प्रीति त्यागी, डॉ. रश्मि गुप्ता, डॉ. रश्मि यादव सहित समस्त संकाय सदस्य उपस्थित रहे।