‘राखी रास’ फैशन मेले में उमड़ी महिलाओं की भीड़, त्योहारी खरीदारी ने पकड़ी रफ्तार

कानपुर। शहर के प्रतिष्ठित द गेंजेस क्लब में शनिवार को “मंचली द पॉप अप शो” के तत्वावधान में एक दिवसीय भव्य फैशन मेला “राखी रास – द बिगेस्ट फैशन मेला” आयोजित किया गया। मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि केस्को की प्रबंध निदेशक (आईएएस) नेहा जैन ने दीप प्रज्वलित कर किया। आयोजन में शहर के संभ्रांत परिवारों, विशेषकर महिलाओं ने बड़ी संख्या में पहुंचकर खरीदारी की और आगामी रक्षाबंधन एवं त्योहारों के लिए फैशन व लाइफस्टाइल उत्पादों का चयन किया।
मेले में देश के विभिन्न राज्यों से आए डिजाइनरों और उद्यमियों ने अपने स्टॉल लगाए। यहां आकर्षक डिजाइनर परिधान, ज्वेलरी, रक्षाबंधन विशेष उपहार, होम डेकोर, लाइफस्टाइल उत्पाद तथा हस्तशिल्प वस्तुओं की विस्तृत श्रृंखला प्रदर्शित की गई। आधुनिक फैशन और पारंपरिक भारतीय शिल्पकला का अनूठा संगम लोगों को खूब पसंद आया। दिनभर मेले में खरीदारी करने वालों की भीड़ लगी रही और आगंतुकों ने प्रदर्शनियों की सराहना की।
उद्घाटन के बाद मुख्य अतिथि नेहा जैन ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन स्थानीय उद्यमियों, विशेषकर महिला उद्यमियों और हस्तशिल्प से जुड़े व्यवसायियों को अपनी प्रतिभा और उत्पादों को प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर देते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन छोटे व्यवसायों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ शहर के व्यापारिक माहौल को भी नई ऊर्जा प्रदान करते हैं।
“मंचली द पॉप अप शो” की संस्थापक एवं आयोजक मिनी अग्रवाल ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य कानपुरवासियों को एक ही स्थान पर आगामी त्योहारों की खरीदारी के लिए सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और विश्वसनीय मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि मेले में फैशन, गुणवत्ता और विविधता का विशेष ध्यान रखा गया है, ताकि हर वर्ग के लोगों को अपनी पसंद का सामान मिल सके।
रोटरी क्लब ऑफ कानपुर वेस्ट के अध्यक्ष रोटेरियन शुभांक गुप्ता ने कहा कि “मंचली-राखी रास” जैसे आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं और उद्यमियों को नई पहचान दिलाने के साथ-साथ कानपुर की व्यापारिक और सांस्कृतिक छवि को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने सफल आयोजन के लिए पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं।
इवेंट एसोसिएट नेहा अग्रवाल ने मेले में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागी ब्रांड्स, प्रदर्शकों, अतिथियों और आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी कानपुरवासियों के लिए ऐसे रचनात्मक और भव्य आयोजनों का सिलसिला जारी रहेगा।
इस आयोजन को सफल बनाने में रोटरी क्लब ऑफ कानपुर वेस्ट, रेव मॉल, एबीसी न्यूज़, प्रिंसेस सैलून, एम एंड एम्स फिटनेस स्टूडियो तथा वर्टिकल डायमेंशन्स इवेंट्स एंड प्रमोशंस की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मेले का समापन उत्साहपूर्ण माहौल और सफल व्यापारिक गतिविधियों के साथ हुआ, जिसने शहर में आगामी त्योहारों के सीजन की शुरुआत को और भी खास बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद