कानपुर। पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती-2025 और आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए कानपुर जोन की अपर पुलिस महानिदेशक अनुपम कुलश्रेष्ठ ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कड़े निर्देश जारी किए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में झांसी परिक्षेत्र के आईजी, कानपुर परिक्षेत्र के डीआईजी, जोन के सभी एसएसपी और एसपी, बोर्ड ऑब्जर्वर, मुख्य नोडल अधिकारी, डीवी/पीएसटी दल तथा कार्यदाई संस्था के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक का मुख्य फोकस 15 जून 2026 से शुरू होने वाली पुलिस उपनिरीक्षक एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 के तहत अभिलेखों की संवीक्षा और शारीरिक मानक परीक्षण को पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराना रहा।
एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने स्पष्ट कहा कि भर्ती प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी शासनादेश और निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी ईमानदारी और सतर्कता के साथ कार्य करें।
इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव (गृह) और पुलिस महानिदेशक स्तर पर भी उच्चस्तरीय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग आयोजित की गई, जिसमें उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित प्रवक्ता राजकीय इंटर कॉलेज (पुरुष/महिला) प्रारंभिक परीक्षा-2025 को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से कराने को लेकर चर्चा हुई।
एडीजी ने उच्चाधिकारियों को अवगत कराया कि कानपुर जोन के सभी जनपदों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी गई है तथा परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर लिया गया है।
भर्ती और परीक्षाओं को पारदर्शी बनाने के लिए एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने दिए सख्त निर्देश