जाजमऊ गंगापुल पर भीषण हादसा, रेलिंग पर चढ़ी कार

कानपुर/उन्नाव। कानपुर-उन्नाव मार्ग स्थित जाजमऊ गंगापुल पर मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने पीछे से कार में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार असंतुलित होकर पुल की सुरक्षा रेलिंग पर जा चढ़ी। कार का एक हिस्सा हवा में लटक गया और वह पुल से नीचे गिरते-गिरते बची। हादसे में कार सवार भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के दो कर्मचारी चमत्कारिक रूप से बाल-बाल बच गए। घटना के बाद हाईवे पर करीब तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
जानकारी के अनुसार हादसा गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के जाजमऊ गंगापुल पर हुआ। एसबीआई के दो कर्मचारी कार से कानपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार घूमते हुए पुल की रेलिंग पर चढ़ गई। कार को इस हालत में देख मौके पर मौजूद लोगों की सांसें थम गईं। गनीमत रही कि कार रेलिंग पार कर नीचे नदी में नहीं गिरी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
हादसे के तुरंत बाद राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। लोगों को जुटता देख आरोपी ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। वहीं पुल के बीचोंबीच दुर्घटना होने के कारण कानपुर-उन्नाव मार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। देखते ही देखते करीब तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिसमें कई एम्बुलेंस और रोजमर्रा के यात्री भी फंस गए।
सूचना मिलते ही गंगाघाट कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। पुलिस ने सबसे पहले कार में फंसे दोनों बैंक कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे के बाद दोनों कर्मचारी काफी सहमे हुए थे। इसके बाद क्रेन बुलाकर करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त कार और ट्रक को सड़क से हटवाया गया, तब जाकर यातायात सामान्य हो सका।
पुलिस के मुताबिक दोनों बैंक कर्मचारियों को मामूली चोटें आई हैं और वे पूरी तरह सुरक्षित हैं। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। फरार ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और वाहन नंबर के आधार पर उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद