कानपुर। आर्यनगर विधायक अमिताभ बाजपेई ने मंगलवार को नरौना चौराहा स्थित प्रतिमा स्थल पर अमर शहीद गणेश शंकर विद्यार्थी की संगमरमर की प्रतिमा स्थापित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान समाजवादी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।
बताया गया कि मेट्रो परियोजना निर्माण के दौरान नरौना चौराहे पर स्थापित गणेश शंकर विद्यार्थी की प्रतिमा हटाई गई थी। प्रतिमा स्थल ध्वस्त होने के बाद लंबे समय तक उसकी पुनर्स्थापना नहीं हो सकी, जिसे लेकर विधायक अमिताभ बाजपेई लगातार आंदोलनरत रहे। प्रतिमा की पुनर्स्थापना की मांग को लेकर विधायक ने 13 अक्टूबर 2025 को धरना-प्रदर्शन किया था। इसके बाद 30 अक्टूबर 2025 को जिलाधिकारी कानपुर नगर से मुलाकात कर मामले को प्रमुखता से उठाया गया। प्रशासन की ओर से 07 नवंबर 2025 को जवाब भी दिया गया और अधिकारियों ने दो बार मौके का निरीक्षण किया, लेकिन प्रतिमा स्थापना का कार्य आगे नहीं बढ़ सका।
प्रशासनिक उदासीनता के विरोध में विधायक अमिताभ बाजपेई ने 17 मई 2026 को अपने रक्त से पत्र लिखकर आंदोलन को और तेज कर दिया। इसके बावजूद कार्रवाई न होने पर मंगलवार को उन्होंने स्वयं मौके पर पहुंचकर नई संगमरमर प्रतिमा स्थापित कराई।
इस अवसर पर विधायक अमिताभ बाजपेई ने कहा कि अमर शहीद गणेश शंकर विद्यार्थी केवल स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, पत्रकारिता और सांप्रदायिक सौहार्द के प्रतीक थे। उन्होंने कहा कि शहीदों के सम्मान और उनकी स्मृतियों की रक्षा करना समाज और प्रशासन दोनों की जिम्मेदारी है।
गणेश शंकर विद्यार्थी की प्रतिमा पुनर्स्थापित