भाजपा नेत्री के घर चोरी

कानपुर। शहर में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। अब हालात ऐसे हो गए हैं कि जन-प्रतिनिधियों के घर भी सुरक्षित नहीं रह गए। कल्याणपुर थाना क्षेत्र में भाजपा नेत्री ऋचा शुक्ला के घर में घुसे एक शातिर चोर ने देर रात बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देकर पुलिस की गश्त व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि वारदात के दौरान पूरा परिवार घर में मौजूद था और गहरी नींद में सोता रहा, जबकि चोर आराम से बेडरूम तक पहुंच गया।
घटना कल्याणपुर थाना क्षेत्र के कैलाश विहार आवास विकास-1 की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात एक चोर घर का गेट फांदकर अंदर दाखिल हुआ। इसके बाद वह बेहद शातिर तरीके से सीधे बेडरूम तक पहुंच गया और परिवार के लोगों के बिल्कुल पास से मोबाइल फोन उठा लिया। चोरी यहीं नहीं रुकी, आरोपी ने अलमारी में रखे करीब दो लाख रुपये नकद भी पार कर दिए और बिना किसी डर के मौके से फरार हो गया।
पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में आरोपी को घर के अंदर घुसते और चोरी करते साफ देखा जा सकता है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी हुई है। घटना के बाद भाजपा नेत्री ऋचा शुक्ला और उनके परिवार में दहशत का माहौल है।
परिजनों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि जब जन-प्रतिनिधियों के घर सुरक्षित नहीं हैं तो आम जनता की सुरक्षा का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। स्थानीय लोगों ने भी इलाके में रात की गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। डीसीपी पश्चिम के अनुसार सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने जल्द आरोपी की गिरफ्तारी का दावा किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद