कानपुर। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की सतर्कता से एक अपहृत नाबालिग बालक को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया गया। यह कार्रवाई ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते के अंतर्गत की गई। आरपीएफ पोस्ट कानपुर सेंट्रल में तैनात उपनिरीक्षक मोहम्मद असलम खान बंदोबस्त ड्यूटी पर थे, जबकि महिला कांस्टेबल प्रियंका मौर्या रेक सुरक्षा ड्यूटी पर मौजूद थीं। इसी दौरान महिला कांस्टेबल ने गाड़ी संख्या 54336 बादामऊ पैसेंजर में एक नाबालिग बालक को संदिग्ध अवस्था में घूमते देखा और इसकी सूचना उपनिरीक्षक को दी। मौके पर पहुंचकर आरपीएफ टीम ने बालक को अपने संरक्षण में लिया। पूछताछ के दौरान वह घबराकर रोने लगा, जिसके बाद उसे शांत कर सुरक्षित वातावरण में आरपीएफ पोस्ट लाया गया। बालक द्वारा बताए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर उसके पिता मुकेश कुमार ने बताया कि उनका पुत्र लापता है और इस संबंध में थाना अचलगंज जनपद उन्नाव में एफआईआर दर्ज कराई गई है। बालक ने बताया कि वह अपने गांव बनथर में कलम खरीदने गया था, तभी 3-4 अज्ञात लोग उसे जबरन एक मारुति वैन में बैठाकर ले जा रहे थे। कानपुर सेंट्रल स्टेशन के बाहर वाहन रुकने पर वह किसी तरह उनके चंगुल से भाग निकला और स्टेशन परिसर पहुंच गया। सूचना मिलने पर थाना अचलगंज उन्नाव से पुलिस कर्मी कानपुर सेंट्रल पहुंचे और संबंधित मुकदमा संख्या 0160/2026 धारा 137(2) बीएनएस की प्रति प्रस्तुत की। आवश्यक कार्रवाई के बाद बालक को पुलिस एवं परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते के तहत आरपीएफ ने अपहृत नाबालिग को किया रेस्क्यू