पुलिस भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों से कानपुर सेंट्रल पर वसूली, ₹14 का पानी ₹20 में बिका

स्टेशन की फर्श पर रात गुजारने को मजबूर रहे अभ्यर्थी, लाउंज में भी ओवररेटिंग के आरोप

कानपुर। पुलिस भर्ती परीक्षा से एक दिन पहले बड़ी संख्या में अभ्यर्थी कानपुर सेंट्रल स्टेशन पहुंच गए, जहां उन्हें भारी अव्यवस्थाओं और ओवररेटिंग का सामना करना पड़ा। देर रात तक स्टेशन परिसर और फुट ओवर ब्रिज पर अभ्यर्थियों की भीड़ जुटी रही। गर्मी और उमस के बीच कई अभ्यर्थी स्टेशन की फर्श पर रात बिताने को मजबूर नजर आए।
रात करीब 12 बजे प्लेटफॉर्म नंबर-1 और फुट ओवर ब्रिज पर अभ्यर्थियों की भारी भीड़ दिखाई दी। स्टेशन पर लगी पानी की टंकियों में गर्म पानी आने के कारण अभ्यर्थी बोतलबंद पानी खरीदने को मजबूर थे। आरोप है कि मौके का फायदा उठाते हुए दुकानदारों ने निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर पानी बेचा। जहां ₹14 की पानी की बोतल ₹20 में बेची जा रही थी।

जौनपुर से परीक्षा देने पहुंचे अमरमणि यादव फुट ओवर ब्रिज पर चादर बिछाकर आराम करते मिले। उन्होंने बताया कि किसी तरह रात काटनी पड़ रही है। गर्मी बहुत ज्यादा है और फुट ओवर ब्रिज पर पंखों की व्यवस्था भी नहीं है। वहीं लखनऊ से आए सनी, विनय और सचिन ने बताया कि स्टेशन पर पानी से लेकर खाने-पीने की चीजों तक में ओवररेटिंग की जा रही है, लेकिन शिकायत सुनने वाला कोई नजर नहीं आ रहा।
रसूलाबाद के विपिन यादव और रामवीर प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर फर्श पर लेटे मिले। उनका कहना था कि स्टेशन परिसर में अभ्यर्थियों की मजबूरी का फायदा उठाया जा रहा है। खाने-पीने की वस्तुओं के साथ-साथ अन्य सुविधाओं के लिए भी अधिक पैसे वसूले जा रहे हैं।
इसी बीच प्लेटफॉर्म नंबर-1 स्थित एग्जीक्यूटिव लाउंज को लेकर भी अभ्यर्थियों ने गंभीर आरोप लगाए। लाउंज के बाहर लगी टीवी स्क्रीन पर बैठने का शुल्क ₹100 प्रदर्शित हो रहा था, जबकि अंदर मौजूद कर्मचारी अभ्यर्थियों से बैठने के लिए ₹20 प्रति घंटा और लेटने के लिए ₹100 प्रति घंटा वसूल रहे थे। अभ्यर्थियों ने इसका विरोध भी किया, लेकिन मौके पर उनकी सुनवाई करने वाला कोई अधिकारी मौजूद नहीं था।
पुलिस भर्ती परीक्षा देने आए हजारों युवाओं को स्टेशन पर मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ा। अभ्यर्थियों ने रेलवे प्रशासन से स्टेशन परिसर में व्यवस्थाएं बेहतर करने और ओवररेटिंग पर रोक लगाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद