यात्रा के दौरान युवक पर गलत तरीके से छूने का आरोप, वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में
कानपुर। सोशल मीडिया पर चर्चित युवती का एक नया वीडियो शनिवार को तेजी से वायरल हो गया, जिसमें उन्होंने ई-रिक्शा में सफर के दौरान एक युवक पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
वीडियो में युवती ने दावा किया कि वह मेट्रो स्टेशन जाने के लिए ई-रिक्शा में बैठी थीं। उनके अनुसार ई-रिक्शा में अन्य यात्रियों के साथ एक युवक भी बैठा था। यात्रा के दौरान युवक ने कथित तौर पर उन्हें गलत तरीके से छूने की कोशिश की। युवती ने बताया कि पहले उन्हें युवक की हरकत पर संदेह हुआ, लेकिन कुछ देर बाद उन्हें महसूस हुआ कि युवक ने अनुचित तरीके से संपर्क किया।
युवती का कहना है कि इसके बाद उन्होंने विरोध करते हुए युवक को थप्पड़ और मुक्का मारा, जिसके बाद वह वहां से भाग गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्होंने युवक का कुछ सेकंड का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में युवती ने घटना को लेकर नाराजगी जताई और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए। हालांकि घटना को लेकर अभी तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोग युवती के समर्थन में नजर आए, जबकि कई लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि इस संबंध में कोई लिखित शिकायत प्राप्त होती है तो मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।