नेवी परीक्षा देकर लौटे युवक की कार पलटी, सनरूफ पर स्टंट करते समय हादसा
कानपुर। सोशल मीडिया पर रील बनाने और तेज रफ्तार में स्टंट करने का जुनून एक बार फिर दर्दनाक हादसे का कारण बन गया। सचेंडी थाना क्षेत्र के बछाऊपुर मोड़ के पास शुक्रवार रात तेज रफ्तार एक्सयूवी कार अनियंत्रित होकर गहरे गड्ढे में पलट गई। हादसे के समय 18 वर्षीय सौरभ कुशवाहा कार की सनरूफ से बाहर निकलकर स्टंट करते हुए वीडियो शूट करवा रहा था। कार पलटने से वह उसके नीचे दब गया और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। वहीं कार में सवार उसके चार दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात सौरभ अपने चार दोस्तों के साथ कार से घूमने निकला था। सभी युवक बछाऊपुर मोड़ के पास खतरनाक स्टंट करते हुए मोबाइल से रील बना रहे थे। इसी दौरान सौरभ कार की सनरूफ खोलकर ऊपर बैठ गया और हाथ लहराते हुए वीडियो शूट करा रहा था। तभी मोड़ पर तेज रफ्तार होने के कारण चालक कार से नियंत्रण खो बैठा और एक्सयूवी सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जाकर पलट गई।
तेज धमाके जैसी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़े। उन्होंने देखा कि कार पूरी तरह पलटी हुई है और सौरभ उसके नीचे दबा हुआ है। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद कार को सीधा कर युवकों को बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची सचेंडी पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने सौरभ को मृत घोषित कर दिया। अन्य चार घायलों का इलाज जारी है, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बताया गया कि सौरभ कुशवाहा पढ़ाई में होनहार था और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। शुक्रवार को ही वह भारतीय नौसेना की परीक्षा देकर घर लौटा था। परीक्षा अच्छी होने से वह और उसके दोस्त बेहद खुश थे और इसी खुशी में रात को घूमने निकल गए थे। लेकिन कुछ ही घंटों में खुशी का माहौल मातम में बदल गया।
मृतक के पिता बलराम कुशवाहा आईआईटी कानपुर में कार्यरत हैं। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता बलराम इस हादसे के सदमे से उबर नहीं पा रहे हैं।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया रील और स्टंट के चक्कर में अपनी जान जोखिम में न डालें। पुलिस ने कहा कि सनरूफ से बाहर निकलकर यात्रा करना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह जानलेवा भी साबित हो सकता है।