‘छुटके चोर गैंग’ का पर्दाफाश, 5 दबोचे

तराजू से तौलकर बांटते थे चोरी का सोना-चांदी, 3 बाल अपचारी भी शामिल

कानपुर। रावतपुर और कल्याणपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए शहर में बंद मकानों को निशाना बनाने वाले शातिर ‘छुटके चोर गैंग’ का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के दो मुख्य आरोपियों और तीन बाल अपचारियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से करीब 130 ग्राम सोने और 600 ग्राम चांदी के जेवर बरामद किए गए हैं, जिनकी कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। हालांकि गैंग का मुख्य सरगना और चोरी का माल खपाने वाला अली उर्फ ‘गॉडफादर’ अभी फरार है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गैंग के सदस्य शराब और अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। गिरोह खास तौर पर शहर के बंद मकानों को निशाना बनाता था। चोरी से पहले आरोपी इलाके की रेकी करते थे और जिस मकान में ताला बंद मिलता, वहां बेहद शातिराना अंदाज में दाखिल होकर वारदात को अंजाम देते थे।
पुलिस के मुताबिक हाल ही में हुई एक बड़ी चोरी में गैंग के सदस्य एक जर्जर मकान के रास्ते पड़ोसी के घर की छत पर कूदे थे। खास बात यह रही कि आरोपी अपने साथ कोई हथियार या औजार नहीं रखते थे, ताकि पकड़े जाने पर उन पर शक न हो। जिस घर में चोरी करनी होती, उसी घर से पेचकस, कटर या अन्य औजार तलाश कर अलमारी और लॉकर के ताले तोड़ते थे।

रात में चोरी के दौरान पकड़े जाने से बचने के लिए गैंग घर की लाइटें नहीं जलाता था। आरोपी मोबाइल फोन की टॉर्च के सहारे ही पूरे घर और अलमारियों को खंगाल डालते थे। चोरी के बाद गैंग के सदस्य माल का बंटवारा भी बेहद अनोखे तरीके से करते थे। सोने और चांदी के जेवरों को तराजू से तौलकर बराबर-बराबर हिस्सों में बांटा जाता था, ताकि किसी सदस्य को कम या ज्यादा हिस्सा मिलने का विवाद न हो। रावतपुर और कल्याणपुर क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों से परेशान पुलिस ने जब जांच शुरू की तो कई सीसीटीवी कैमरों में कुछ संदिग्ध युवक और नाबालिग दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस ने सर्विलांस, मोबाइल लोकेशन और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच का दायरा बढ़ाया। धीरे-धीरे पूरे गिरोह की परतें खुलती चली गईं और पुलिस ने जाल बिछाकर दो आरोपियों और तीन बाल अपचारियों को पकड़ लिया। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि इस गैंग का असली मास्टरमाइंड अली उर्फ ‘गॉडफादर’ है, जो चोरी के जेवरों को छिपाने और आगे बेचने का काम करता था। वही इन युवकों और नाबालिगों को चोरी के लिए उकसाता था। पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि तीनों बाल अपचारियों को बाल सुधार गृह भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद