कानपुर। फर्जी मार्कशीट और शैक्षणिक दस्तावेज तैयार करने वाले गिरोह के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में किदवई नगर पुलिस और एसआईटी (SIT) की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गिरोह के एक और सक्रिय सदस्य को गाजियाबाद से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी एशियन इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के नाम पर फर्जी डिग्री और मार्कशीट तैयार कर लोगों से ठगी करता था। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को सूचना मिली थी कि फर्जी दस्तावेज बनाने वाले गिरोह का सदस्य गाजियाबाद क्षेत्र में मौजूद है। इसके बाद किदवई नगर थाना पुलिस और एसआईटी की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 4 जून की शाम वैशाली प्लाजा, गाजियाबाद के पास से आरोपी को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मयंक भारद्वाज (28) निवासी प्रकाश विहार, लोनी गाजियाबाद के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह इस गिरोह के मुख्य आरोपी शैलेंद्र कुमार के साथ मिलकर काम करता था। दोनों मिलकर ‘एशियन इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी’ के नाम से फर्जी मार्कशीट, डिग्री और अन्य शैक्षणिक दस्तावेज तैयार करते थे। पुलिस के अनुसार गिरोह लंबे समय से युवाओं को नौकरी और उच्च शिक्षा के नाम पर जाली दस्तावेज उपलब्ध कराकर अवैध कमाई कर रहा था। मामले में थाना किदवई नगर में पहले से ही गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है और पुलिस लगातार गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह एक संगठित नेटवर्क है, जिसके तार कई जिलों से जुड़े हो सकते हैं। एसआईटी और स्थानीय पुलिस की टीमें गिरोह से जुड़े अन्य संदिग्धों और मददगारों की पहचान करने में लगी हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस मामले में कुछ और अहम गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
फर्जी मार्कशीट गिरोह का सदस्य गाजियाबाद से गिरफ्तार