कानपुर-मानसून से पहले जलभराव की समस्या से निपटने और शहर की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए नगर निगम प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने गुरुवार को नगर निगम टीम के साथ जोन-2 और जोन-3 के विभिन्न नालों, सीएम ग्रिड सड़कों और सार्वजनिक शौचालयों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जहां बेहतर कार्यों की सराहना की, वहीं लापरवाही मिलने पर जोनल अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने बाकरगंज चौराहे स्थित सार्वजनिक शौचालय का औचक निरीक्षण किया। बाबा बायोगैस कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा संचालित इस शौचालय में सभी व्यवस्थाएं मानक के अनुरूप पाई गईं। यहां रैंप, फीडबैक मशीन, हैंड ड्रायर, इंसीनरेटर, एग्जॉस्ट फैन और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था चालू मिली। उन्होंने निर्देश दिया कि जोन के अन्य शौचालयों को भी इसी तरह व्यवस्थित रखा जाए। साउथ एक्स मॉल के पास कच्चे नाले की सफाई का कार्य प्रगति पर मिला। निरीक्षण में नाले पर कई स्थानों पर अतिक्रमण पाया गया, जिस पर नगर आयुक्त ने तत्काल अतिक्रमण हटाने और नाले को पक्का बनाने के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। बाबा कुटी से मार्बल मार्केट तक सीएम ग्रिड फेस-1 के निरीक्षण में सीवर लाइन डालने के बाद कार्य अधूरा मिला। नगर आयुक्त ने सभी लंबित कार्य 10 दिन में पूरा करने, चैंबर लेवल सही करने और बची गलियों को सीवर व पेयजल लाइन से जोड़ने के निर्देश दिए। यशोदा नगर बाईपास स्थित सीओडी नाले का निरीक्षण करते हुए उन्होंने जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। आरबीआई नाले का फ्लो धीमा मिलने पर नगर निगम की मशीन से कराई गई सफाई की राशि संबंधित ठेकेदार के भुगतान से काटने के निर्देश भी दिए गए। 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत बन रहे 12 फीट गहरे पक्के सीओडी नाले की प्रगति धीमी मिलने पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने 15 जून तक रिटेनिंग वॉल और फर्श निर्माण हर हाल में पूरा करने का निर्देश देते हुए कहा कि 16 जून को वह स्वयं दोबारा निरीक्षण करेंगे। सीएम ग्रिड फेस-2 के निरीक्षण में सड़क पर धूल, अधूरे चैंबर, नाला और पाइपलाइन कार्य मिलने पर नगर आयुक्त ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने मुख्य अभियंता को निर्देश दिया कि संबंधित जोनल अभियंता को कठोर चेतावनी के साथ कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए। साथ ही धूल नियंत्रण के लिए नियमित पानी के छिड़काव के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान बाबा कुटी क्षेत्र में बड़ी संख्या में आवारा पशु सड़कों पर घूमते मिले। नगर आयुक्त ने संबंधित विभाग को अभियान चलाकर आवारा पशुओं को पकड़ने और कांजी हाउस भेजने के निर्देश दिए।
मानसून से पहले नगर आयुक्त सख्त, इंजीनियर को नोटिस