व्यापारियों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दें : डीएम

व्यापार बंधु बैठक में विकास नगर व गल्ला मंडी में पिंक टॉयलेट निर्माण की जानकारी, उद्योग बंधु बैठक में जल निगम के अधिशासी अभियंता का वेतन रोका

कानपुर। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में व्यापार बंधु एवं उद्योग बंधु की मासिक बैठकों का आयोजन किया गया। बैठक में जिलाधिकारी ने व्यापारियों और उद्यमियों की समस्याओं का समयबद्ध एवं प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
व्यापार बंधु की बैठक में व्यापारियों ने विकास नगर मार्केट में सार्वजनिक शौचालय की समस्या उठाई। इस पर अपर नगर आयुक्त जगदीश यादव ने बताया कि विकास नगर मार्केट में पिंक टॉयलेट का निर्माण कार्य प्रगति पर है तथा स्लैब डाली जा चुकी है। उन्होंने यह भी बताया कि शास्त्री नगर अंतर्गत गल्ला मंडी मार्केट में महिलाओं की सुविधा के लिए पिंक टॉयलेट का निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है और जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
बीएम मार्केट, गोविंद नगर में जूही नहरिया से हमीरपुर रोड तक 80 फीट चौड़ी सड़क पर हुए अतिक्रमण का मुद्दा भी बैठक में उठा। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 4 जून को एडीएम सिटी, पुलिस और नगर निगम के अधिकारी संयुक्त रूप से स्थल निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करें।
इसके बाद आयोजित उद्योग बंधु की मासिक समीक्षा बैठक में जल निगम (शहरी) के अधिशासी अभियंता प्रवीण यादव बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए उनके मई माह के वेतन आहरण पर रोक लगाने के निर्देश दिए।
उद्यमियों ने दादानगर से विजय नगर तक जाने वाले जर्जर मार्ग की समस्या उठाई, जिस पर डीएम ने 20 दिनों के भीतर सड़क को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। एलएमएल तिराहा के निकट अंडरपास के दोनों ओर ग्रीन बेल्ट पर हुए अतिक्रमण का मामला भी बैठक में उठा, जिस पर परियोजना निदेशक एनएचएआई को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में यूनिकेम इंडिया के ऊपर से गुजर रही निष्प्रयोज्य विद्युत पारेषण लाइन, पनकी साइट-वन स्थित इंडस्ट्रियल एस्टेट में अतिक्रमण तथा स्टाम्प ड्यूटी छूट से जुड़े मामलों पर भी चर्चा की गई। बैठक में एडीएम सिटी आलोक कुमार गुप्ता, उपायुक्त उद्योग अंजनीश प्रताप सिंह, उपायुक्त जीएसटी सुरेश वर्मा, शशिधर शाही सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, व्यापारी नेता एवं उद्यमी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद