कृषि विश्वविद्यालय के जागरूकता अभियान के तहत शिक्षकों को दी एआई की जानकारी
कानपुर। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता के निर्देशन में चलाए जा रहे कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) जागरूकता अभियान के तहत कृषि अभियंत्रण संकाय, इटावा के पूर्व अधिष्ठाता एवं कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष डॉ. एन.के. शर्मा ने पुलिस मॉडर्न स्कूल, इटावा में शिक्षकों को एआई तकनीक के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया।
सीबीएसई सिटी कोऑर्डिनेटर डॉ. कैलाश यादव के आमंत्रण पर मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में पहुंचे डॉ. शर्मा ने “क्रिटिकल थिंकिंग इन एआई टेक्नोलॉजी” विषय पर व्याख्यान देते हुए कहा कि शिक्षकों को एआई से प्राप्त किसी भी सूचना की सत्यता और उपयोगिता का स्वयं मूल्यांकन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि शिक्षकों में आलोचनात्मक चिंतन की क्षमता विकसित होगी, तभी वे एआई द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी का सकारात्मक और प्रभावी उपयोग कर सकेंगे।
डॉ. शर्मा ने कहा कि आलोचनात्मक चिंतन और कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधुनिक समाज के दो महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। बेहतर निर्णय, नवाचार और समाज की प्रगति के लिए तकनीक के साथ-साथ सोचने-समझने की क्षमता का विकास भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि “विकसित भारत 2047” के लक्ष्य को हासिल करने के लिए नई तकनीकों को अपनाना और समय के साथ स्वयं को बदलना बेहद जरूरी है। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने एआई से जुड़ी चुनौतियों, संभावनाओं और उनके व्यावहारिक समाधानों पर भी विस्तार से चर्चा की तथा शिक्षकों से विद्यार्थियों को तकनीक के जिम्मेदार उपयोग के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।