बृजेश पाठक बोले- पत्रकारों को आयुष्मान योजना से जोड़ने की तैयारी, नौ वरिष्ठ पत्रकार सम्मानित
कानपुर। कानपुर प्रेस क्लब की ओर से हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर गैंजेस क्लब में गोष्ठी एवं पत्रकार सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पत्रकारिता की चुनौतियों, बदलते स्वरूप और लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका पर चर्चा की गई। मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि कानपुर का हिंदी पत्रकारिता के इतिहास में विशेष योगदान रहा है। उन्होंने बताया कि कानपुर के जुगल किशोर शुक्ल ने कोलकाता से पहला हिंदी समाचार पत्र प्रकाशित किया था और तभी से यह शहर पत्रकारिता का महत्वपूर्ण केंद्र बना हुआ है। उन्होंने कहा कि एआई के दौर में पत्रकारों को अधिक सतर्क रहने की जरूरत है, क्योंकि संवेदनशील खबरों और वंचितों की आवाज को सही तरीके से पत्रकार ही सामने ला सकते हैं। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पत्रकारों के स्वास्थ्य को लेकर गंभीर है। मान्यता प्राप्त पत्रकारों को आयुष्मान योजना से जोड़ा जा रहा है तथा अन्य पत्रकारों के लिए भी प्रस्ताव शासन स्तर पर भेजा गया है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर पत्रकार सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं। समारोह की अध्यक्षता कर रहे विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए कार्यपालिका, न्यायपालिका, विधायिका और पत्रकारिता — चारों स्तंभों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि किसी एक स्तंभ के कमजोर होने से लोकतंत्र प्रभावित होता है।
सांसद रमेश अवस्थी ने विधानसभा में पत्रकार शिरोमणि गणेश शंकर विद्यार्थी की प्रतिमा स्थापित करने का अनुरोध किया। इस पर विधानसभा अध्यक्ष ने घोषणा की कि विधानसभा की डिजिटल गैलरी में उनका चित्र लगाया जाएगा।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार सत्यप्रकाश त्रिपाठी ने आशीर्वचन दिए। उद्योगपति विजय कपूर ने अतिथियों का स्वागत किया। प्रेस क्लब अध्यक्ष सरस वाजपेई और महामंत्री शैलेश अवस्थी ने आभार व्यक्त किया। संचालन रमेश वर्मा और आस्था तिवारी ने किया।
इस अवसर पर राजीव सिंह, विजय त्रिपाठी, राजकिशोर, अंकित शुक्ला, पंकज निगम, संजय त्रिपाठी, आदित्य द्विवेदी, ऋषभ मणि त्रिपाठी और रतीश त्रिवेदी को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकार और गणमान्य लोग मौजूद रहे।