हाई स्पीड ट्रेन, आईटी पार्क और रेलवे परियोजनाओं पर हुई विस्तृत चर्चा
कानपुर/नई दिल्ली। कानपुर नगर के सांसद रमेश अवस्थी ने नई दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर कानपुर महानगर की विभिन्न विकास परियोजनाओं और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने रेलवे और आधारभूत संरचना से संबंधित कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव मंत्री के सामने रखे।
सांसद रमेश अवस्थी ने रेल मंत्री को बताया कि कानपुर सेंट्रल और अनवरगंज रेलवे स्टेशन पर चल रहे आधुनिकीकरण एवं निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने इन परियोजनाओं को तय समय में पूरा कराने का आग्रह किया ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
बैठक में जरीब चौकी चौराहे पर प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज को लेकर भी चर्चा हुई। सांसद ने कहा कि यह परियोजना शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने में अहम साबित होगी और इसे जल्द गति दी जानी चाहिए।
सांसद ने कानपुर में प्रस्तावित आईटी पार्क की स्थापना का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और कानपुर तकनीकी व डिजिटल क्षेत्र में नई पहचान बनाएगा।
रमेश अवस्थी ने दिल्ली-वाराणसी हाई स्पीड ट्रेन परियोजना में कानपुर को शामिल करने की मांग करते हुए कहा कि कानपुर उत्तर भारत का प्रमुख औद्योगिक और शैक्षिक केंद्र है, इसलिए इस महत्वाकांक्षी योजना में शहर को स्थान मिलना चाहिए।
इसके अलावा अनवरगंज से मंधना तक प्रस्तावित एलिवेटेड रेलवे ट्रैक के निर्माण कार्य को जल्द शुरू कराने की मांग भी सांसद ने उठाई। उनका कहना था कि इससे शहर में यातायात का दबाव कम होगा और लोगों को राहत मिलेगी।
मुलाकात के दौरान सांसद ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को कानपुर आने का निमंत्रण भी दिया। रेल मंत्री ने सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया।