कानपुर में लगातार बढ़ रही बिजली कटौती और भीषण विद्युत संकट को लेकर गोविंद नगर विधायक Surendra Maithani गुरुवार को केस्को मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने केस्को की एमडी Neha Jain और अधिकारियों के साथ लंबी वार्ता कर शहर में तत्काल प्रभाव से बिजली व्यवस्था सुधारने की मांग उठाई। विधायक ने कहा कि भीषण गर्मी और लू के बीच जनता का जीवन पूरी तरह प्रभावित हो चुका है। दिन-रात हो रही अघोषित कटौती से लोग परेशान हैं और स्थानीय स्तर पर व्यवस्थाएं पूरी तरह चरमरा गई हैं।
विधायक सुरेंद्र मैथानी ने अधिकारियों से कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार प्रदेशवासियों को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति देने के निर्देश दे रहे हैं, लेकिन कानपुर में स्थानीय स्तर पर समय रहते पर्याप्त तैयारी न होने के कारण हालात बिगड़ गए हैं। उन्होंने कहा कि जनता जब अपनी समस्या लेकर सब स्टेशनों पर पहुंचती है तो वहां मौजूद कर्मचारी और अधिकारी संतोषजनक जवाब नहीं देते, जिससे लोगों में नाराजगी और आक्रोश लगातार बढ़ रहा है। विधायक ने कहा कि जनता अपमानित महसूस कर रही है और इसका पूरा जिम्मेदार स्थानीय केस्को प्रशासन है।
उन्होंने दो टूक कहा कि जनता को उसके हाल पर नहीं छोड़ा जाएगा और यदि जल्द हालात नहीं सुधरे तो उन्हें मजबूर होकर मुख्यमंत्री से मिलकर पूरी स्थिति से अवगत कराना पड़ेगा। विधायक ने अधिकारियों से कहा कि जनता को राहत देना प्राथमिकता होनी चाहिए और बिजली व्यवस्था को युद्ध स्तर पर दुरुस्त किया जाए।
बैठक में गोविंद नगर विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक प्रभावित इलाकों की समस्याओं पर विशेष चर्चा हुई। विधायक ने कहा कि कई क्षेत्रों में घंटों बिजली गुल रहने से पेयजल संकट भी गहरा गया है। घरों में लगे इन्वर्टर जवाब दे चुके हैं और छोटे बच्चे, बुजुर्ग तथा बीमार लोग सबसे ज्यादा परेशान हैं। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में बिना बिजली के रहना लोगों के लिए किसी बड़ी मुसीबत से कम नहीं है।
वार्ता के दौरान यह तय हुआ कि जिन सब स्टेशनों पर सबसे अधिक शिकायतें आ रही हैं, वहां रात 8 बजे से रात 1 बजे तक अतिरिक्त वरिष्ठ अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। ये अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर जनता से संवाद करेंगे, शिकायतें दर्ज करेंगे और ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने में भी सहयोग करेंगे। साथ ही लोकल फाल्ट और ट्रिपिंग जैसी समस्याओं का तुरंत समाधान कराने के निर्देश दिए गए।
विधायक ने नीट समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि बिजली कटौती के कारण छात्र पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं और रातभर परेशान हो रहे हैं। वहीं जिलाधिकारी की ओर से भीषण लू को लेकर जारी एडवाइजरी का हवाला देते हुए विधायक ने कहा कि जब लोगों से दोपहर में घरों के अंदर रहने की अपील की जा रही है, तब बिना बिजली के यह संभव नहीं है।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की क्षमता तत्काल बढ़ाई जाएगी और जहां जरूरत होगी वहां नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। रिपेयर गैंग को हाथगाड़ी की जगह ई-रिक्शा उपलब्ध कराए जाएंगे ताकि खराबी की सूचना मिलने पर टीमें तेजी से मौके तक पहुंच सकें। ट्रॉली और अन्य संसाधनों की संख्या भी बढ़ाने का निर्णय लिया गया।
इसके अलावा शहर में चल रही सीयूजीएल गैस पाइपलाइन खुदाई के कारण बार-बार बिजली लाइनों में आ रहे फाल्ट का मुद्दा भी बैठक में उठा। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि संबंधित एजेंसियों को नोटिस जारी कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में बिजली लाइनों को नुकसान न पहुंचे।
विधायक सुरेंद्र मैथानी ने कहा कि उनका प्रयास केवल गोविंद नगर ही नहीं बल्कि पूरे कानपुर की बिजली व्यवस्था को दुरुस्त कराने का है। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान हर हाल में कराया जाएगा और इसके लिए लगातार संघर्ष जारी रहेगा।
बैठक के अंत में केस्को एमडी नेहा जैन ने भरोसा दिलाया कि शहर में बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए युद्ध स्तर पर काम किया जाएगा और आवश्यक संसाधन तत्काल उपलब्ध कराए जाएंगे।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में अनुपम मिश्रा, दीपक सिंह, पार्षद गुंजन शर्मा, मंडल अध्यक्ष अजय राय, दीपक शुक्ला, राजा पंडित, वेद मिश्रा, मनोज, विक्रांत चौहान, दीपक राजपूत, अरुण दुबे, प्रियंक सिंह, ललित पाल सहित कई कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
बिजली संकट पर भड़के विधायक मैथानी