कानपुर दक्षिण के शास्त्री चौक मेट्रो स्टेशन का नाम आतंकवाद के खिलाफ आवाज बुलंद करने वाले शहीद विधायक विलायती राम कत्याल के नाम पर रखने की मांग अब तेज होती जा रही है। सामाजिक संगठन “आप और हम राष्ट्रीय भ्रष्टाचार अपराध मुक्त संगठन उत्तर प्रदेश” और शहीद विलायती राम कत्याल स्मारक समिति ने संयुक्त रूप से इस मांग को लेकर कानपुर सांसद रमेश अवस्थी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपने की घोषणा की है। संगठन के प्रदेश सचिव रमेश सिहवानी ने बताया कि शहीद विलायती राम कत्याल उत्तर प्रदेश के पहले ऐसे विधायक थे जिन्होंने आतंकवाद के खिलाफ खुलकर आवाज उठाई और देश की एकता व अखंडता के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। उन्होंने कहा कि गोविंद नगर क्षेत्र उनकी कर्मभूमि रही है और रतनलाल नगर में दिनदहाड़े उनकी हत्या कर दी गई थी। ऐसे में उनके सम्मान में शास्त्री चौक मेट्रो स्टेशन का नाम उनके नाम पर रखा जाना चाहिए। संगठन का कहना है कि वर्षों से यह मांग उठती रही है, लेकिन अब शहरवासियों की भावनाओं को देखते हुए इस पर गंभीरता से निर्णय लिया जाना चाहिए। सामाजिक संगठनों का मानना है कि शहीद विलायती राम कत्याल का जीवन राष्ट्रभक्ति, सामाजिक सौहार्द और आतंकवाद के खिलाफ संघर्ष की मिसाल है। यदि मेट्रो स्टेशन का नाम उनके नाम पर रखा जाता है तो यह न केवल कानपुर के गौरव को बढ़ाएगा, बल्कि नई पीढ़ी को भी उनके बलिदान और राष्ट्रप्रेम से प्रेरणा मिलेगी।
रमेश सिहवानी ने बताया कि नगर निगम द्वारा 29 जुलाई से पहले शहीद विलायती राम कत्याल की प्रतिमा स्थल के सुंदरीकरण की भी तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि शहर की ऐतिहासिक विरासत और बलिदानियों को सम्मान देना समाज और सरकार दोनों की जिम्मेदारी है।
संगठन के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री और सांसद से अपील की है कि जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं। मांग पत्र पर रमेश सिहवानी, सतीश रोचलानी, दीपक अशवानी, मनोज त्रिवेदी, विमला चौहान, रति नायर, राजशेखर नायर, सिंपल चौहान, प्रमोद राठौर, अजय निगम, सावित्री पासवान, रुबी गुप्ता, प्रतिभा गुप्ता, रंजना सेंगर, श्रीकृष्ण, रामस्वरूप गौड़ और हाजी मोहम्मद अहमद गुड्डू समेत कई लोगों के हस्ताक्षर शामिल हैं।
शास्त्री चौक मेट्रो स्टेशन का नाम शहीद विलायती राम कत्याल के नाम पर रखने की उठी मांग