बेखौफ चोरों का आतंक, मिस्त्री की साइकिल और कीमती मशीनें लेकर फरार

पनकी रोड चौकी क्षेत्र में दिनदहाड़े चोरी की वारदात सीसीटीवी में कैद, लोगों में दहशत और पुलिस के खिलाफ आक्रोश

कानपुर। महानगर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पनकी रोड चौकी इलाके में इन दिनों चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं ने स्थानीय लोगों की नींद उड़ा दी है। ताजा मामला पनकी रोड चौकी क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक बेखौफ शातिर चोर ने दिनदहाड़े एक मिस्त्री की साइकिल और उसमें रखी कीमती मशीनों पर हाथ साफ कर दिया। हैरानी की बात यह रही कि पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, लेकिन इसके बावजूद चोर आराम से मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित मिस्त्री क्षेत्र में स्थित एक मकान में काम करने के लिए आया हुआ था। उसने अपनी साइकिल मकान के बाहर खड़ी की थी, जिसमें उसके काम में इस्तेमाल होने वाले कई कीमती उपकरण और मशीनें रखी हुई थीं। मिस्त्री मकान के अंदर काम में व्यस्त था, तभी पहले से घात लगाए बैठे एक शातिर युवक ने मौका पाकर साइकिल और मशीनें चोरी कर लीं और फरार हो गया।
कुछ देर बाद जब मिस्त्री काम खत्म कर बाहर निकला तो अपनी साइकिल और मशीनें गायब देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। उसके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसकी मदद की और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में एक संदिग्ध युवक बड़ी चालाकी से साइकिल ले जाता हुआ साफ दिखाई दे रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में चर्चा फैल गई और स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया। व्यापारियों और क्षेत्रीय निवासियों का कहना है कि इलाके में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस प्रभावी कार्रवाई करने में नाकाम साबित हो रही है। लोगों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में पुलिस गश्त केवल कागजों तक सीमित रह गई है, जिसका फायदा चोर बेखौफ होकर उठा रहे हैं।
स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द से जल्द आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए ताकि चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
वहीं, पनकी रोड चौकी प्रभारी ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोर को गिरफ्तार कर चोरी गया सामान बरामद कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद