जमीनी स्तर पर खेल प्रतिभाओं को निखारने का बेहतरीन मंच है जेएनटी क्रिकेट लीग: मुख्य अतिथि
कानपुर-शहर के युवा और उभरते क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक बेहतरीन मंच प्रदान करते हुए सोमवार से ’14वीं जेएनटी अंडर-12 क्रिकेट लीग 2026′ का भव्य शुभारंभ हो गया जेएनटी स्पोर्ट्स वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित जूनियर क्रिकेट लीग के उद्घाटन समारोह और उद्घाटन मैच के अवसर पर खेल प्रेमियों और नन्हें खिलाड़ियों में भारी उत्साह देखने को मिला समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कानपुर नगर की एडीसीपी डॉ. अर्चना सिंह और विशिष्ट अतिथि के रूप में ओमान राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के उपकप्तान विनायक शुक्ला मौजूद रहे दोनों अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर टूर्नामेंट का विधिवत उद्घाटन किया समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एडीसीपी डॉ. अर्चना सिंह ने युवाओं के जीवन में खेलों के महत्व पर विशेष जोर दिया उन्होंने कहा “खेल सिर्फ मंनोरंजन या शारीरिक व्यायाम का साधन नहीं हैं, बल्कि यह युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन और उनके भीतर नेतृत्व क्षमता (लीडरशिप) विकसित करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम हैं मैदान पर सीखी गई बातें जीवन के हर मोड़ पर काम आती हैं।” डॉ. सिंह ने जेएनटी स्पोर्ट्स वेलफेयर फाउंडेशन की सराहना करते हुए कहा कि जमीनी स्तर (ग्रासरूट लेवल) पर बच्चों को खेलों से जोड़ने का यह प्रयास बेहद सराहनीय है ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और बच्चों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना का विकास होता है उद्घाटन समारोह का मुख्य आकर्षण ओमान क्रिकेट टीम के उपकप्तान विनायक शुक्ला रहे, जो मूल रूप से कानपुर के ही रहने वाले हैं विनायक ने अपने व्यावसायिक दायित्वों के चलते ओमान का रुख किया था, लेकिन क्रिकेट के प्रति उनके अटूट जुनून और समर्पण ने उन्हें आज ओमान की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम का उपकप्तान बना दिया हाल ही में वे विश्व कप (WT20 2026) में भी ओमान टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए विनायक शुक्ला काफी भावुक नजर आए उन्होंने बताया कि वे स्वयं कभी जेएनटी के जूनियर स्तर के क्रिकेट टूर्नामेंट्स में एक खिलाड़ी के रूप में भाग लिया करते थे नन्हें खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए उन्होंने कहा “जिस मंच पर कभी मैं एक खिलाड़ी के रूप में मैदान में उतरा करता था आज उसी आयोजन में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित होना मेरे लिए बेहद भावुक और अविस्मरणीय अनुभव है कानपुर की मिट्टी में वो ताकत है जो आपको वैश्विक मंच पर पहुंचा सकती है।”उन्होंने युवा खिलाड़ियों को सफलता का मंत्र देते हुए कहा कि निरंतर कड़ी मेहनत, कड़ा अनुशासन और अपने सपनों पर अटूट विश्वास बनाए रखने से दुनिया का कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है उद्घाटन समारोह के ठीक बाद लीग का पहला मुकाबला खेला गया, जिसमें नन्हें खिलाड़ियों ने शानदार खेल भावना और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन किया जेएनटी स्पोर्ट्स वेलफेयर फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि इस पूरी लीग के दौरान शहर की कई प्रमुख अंडर-12 टीमें हिस्सा ले रही हैं और आगामी दिनों में क्रिकेट के कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे उद्घाटन के अवसर पर खेल विभाग के अधिकारी, कोच, खेल प्रेमी और खिलाड़ियों के अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।