मीरपुर कैंट के निजी स्कूल पर फीस-पेनल्टी का दबाव, छात्र प्रताड़ना का आरोप

फीस जमा करने में देरी पर पेनल्टी और नाम काटने की धमकी देने का आरोप
एक तय दुकान से किताबें खरीदने का दबाव, बच्चे को क्लास में बैठने से रोकने की शिकायत

कानपुर नगर रेल बाजार थाना क्षेत्र के अंतर्गत मीरपुर कैंट स्थित बॉब्सन पब्लिक स्कूल के खिलाफ एक अभिभावक ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर गंभीर शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में विद्यालय प्रबंधन पर फीस के नाम पर आर्थिक दबाव बनाने, अतिरिक्त पेनल्टी वसूलने, जबरन महंगी किताबें खरीदवाने और छात्र को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। शिकायत के अनुसार स्कूल प्रबंधन द्वारा फीस जमा करने में थोड़ी भी देरी होने पर अतिरिक्त पेनल्टी लगाई जाती है। आरोप है कि फीस और पेनल्टी जमा न करने पर छात्र का नाम स्कूल से काटने की धमकी भी दी जाती है। अभिभावक ने आरोप लगाया कि विद्यालय प्रबंधन का व्यवहार अभिभावकों के प्रति अपमानजनक और दबावपूर्ण है। साथ ही स्कूल द्वारा एक विशेष दुकान से ही किताबें खरीदने के लिए बाध्य किया गया, जहां बाजार से अधिक कीमत पर पुस्तकें उपलब्ध कराई गईं। इसके अलावा स्कूल की मुहर लगी नोटबुक्स भी विद्यालय से ही अतिरिक्त कीमत पर खरीदने का दबाव बनाया गया। शिकायत में कहा गया है कि किताबों, कॉपियों और अन्य शैक्षणिक सामग्री पर पहले ही काफी खर्च हो चुका है, इसके बावजूद लगातार अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। आरोप यह भी है कि फीस और पेनल्टी के विवाद को लेकर छात्र को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया तथा उसे कक्षा में बैठने से भी रोका गया, जिससे उसकी पढ़ाई और मानसिक स्थिति प्रभावित हुई। अभिभावक ने मामले की निष्पक्ष जांच कर विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही शिकायतकर्ता ने अपनी पहचान गोपनीय रखने का अनुरोध भी किया है ताकि बच्चे के खिलाफ किसी प्रकार की प्रताड़ना न हो। मामले को बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत दर्ज कर जांच के लिए बेसिक शिक्षा अधिकारी, कानपुर नगर को अग्रसारित किया गया है। अब देखना होगा कि शिक्षा विभाग इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद