अवैध निर्माणों पर केडीए की बड़ी कार्रवाई, 900 वर्ग मीटर क्षेत्र सील

कानपुर। शहर में अवैध निर्माण और बिना स्वीकृत मानचित्र के हो रहे निर्माण कार्यों के खिलाफ कानपुर विकास प्राधिकरण ने अभियान तेज कर दिया है। अंकुर कौशिक और अभय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में गुरुवार को प्रवर्तन जोन-1बी की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 900 वर्ग मीटर क्षेत्र में किए गए अवैध निर्माण को सील कर दिया। वहीं लगभग 2050 वर्ग मीटर क्षेत्र में चल रहे अन्य निर्माणों को नोटिस जारी किया गया है।

विशेष कार्याधिकारी एवं उपजिलाधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में केडीए टीम ने गंगानगर हाउसिंग सोसाइटी स्थित क्रिस्टल प्लाजा गेस्ट हाउस के पीछे प्लॉट संख्या 43 और 44 पर हो रहे अवैध निर्माण को सील किया। बताया गया कि राघवेंद्र सिंह व अन्य द्वारा लगभग 600 वर्ग मीटर क्षेत्र में बिना अनुमति निर्माण कराया जा रहा था। पूर्व में नोटिस दिए जाने के बावजूद चोरी-छिपे निर्माण कार्य जारी रखा गया, जिसके बाद सीलिंग की कार्रवाई की गई। इसके अलावा ज्यौरा नवाबगंज स्थित आराजी संख्या-61 के विला नंबर-08 में राकेश मिश्रा और अमित मिश्रा द्वारा स्वीकृत मानचित्र के विपरीत बेसमेंट और अतिरिक्त तल का निर्माण कराया गया था। लगभग 300 वर्ग मीटर क्षेत्र में किए गए इस निर्माण को भी टीम ने सील कर दिया। दोनों परिसरों को थाना नवाबगंज पुलिस की अभिरक्षा में सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जांच के दौरान टीम ने तीन अन्य बड़े निर्माण भी चिन्हित किए हैं। इनमें क्रिस्टल प्लाजा का 1200 वर्ग मीटर, शक्ति इन्फ्रा विजन प्राइवेट लिमिटेड का 400 वर्ग मीटर और सुनीता वर्मा का 450 वर्ग मीटर क्षेत्र में हो रहा निर्माण शामिल है। इन सभी को मानचित्र प्रस्तुत करने के लिए नोटिस जारी किया गया है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान अवर अभियंता हिमांशु बर्नवाल, सुपरवाइजर राम औतार, मनोज कुमार और राज कुमार समेत भारी पुलिस बल मौजूद रहा। डॉ. रवि प्रताप सिंह ने आमजन से अपील की कि किसी भी निर्माण कार्य से पहले केडीए से मानचित्र स्वीकृत कराना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें और स्वीकृत नक्शे के अनुसार ही निर्माण करें। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में भी अवैध निर्माणों के खिलाफ इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद