खड़ी ई-कार में लगी भीषण आग, 25 लोगों की बची जान

कानपुर। रेलबाजार थाना क्षेत्र के मीरपुर इलाके में देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब घर की पार्किंग में खड़ी एक इलेक्ट्रिक कार अचानक आग का गोला बन गई। हादसे में घर का करीब 20 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया, जबकि संयुक्त परिवार के 25 सदस्यों की जान बाल-बाल बच गई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक चमड़ा कारोबारी मोहम्मद गुलजार मंगलवार देर रात अपनी पत्नी अर्शी और बेटियों के साथ एक कार्यक्रम से लौटे थे। घर पहुंचकर उन्होंने अपनी इलेक्ट्रिक एमजी हेक्टर कार पार्किंग में खड़ी की। बताया जा रहा है कि कार की सर्विस एक दिन पहले ही कराई गई थी और बैटरी लगभग 80 प्रतिशत चार्ज थी। परिवार के लोग कमरे में पहुंचे ही थे कि करीब 10 मिनट बाद कार से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे घर में हड़कंप मच गया। उस समय घर के अंदर बुजुर्ग महिला अनवरी बेगम समेत परिवार के 25 सदस्य मौजूद थे।
पड़ोसियों ने तत्परता दिखाते हुए घर के दरवाजे तोड़कर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। स्थानीय लोगों ने आसपास के तीन घरों से पाइप जोड़कर करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की चपेट में आने से एक स्कूटी और घर का कीमती सामान भी जल गया।
मौके पर मौजूद लोगों की सूझबूझ से पास में खड़ी दूसरी इलेक्ट्रिक कार को समय रहते हटा लिया गया, जिससे बड़ा विस्फोट टल गया। कारोबारी मोहम्मद गुलजार ने कहा कि यदि आग चलती कार में लगती तो हादसा और भी भयावह हो सकता था। घटना के बाद कंपनी के प्रतिनिधियों ने परिवार से संपर्क किया और पुलिस में एफआईआर दर्ज न कराने का अनुरोध किया। वहीं रेलबाजार थाना प्रभारी अमान सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है, लेकिन अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद