कानपुर:
देश में बढ़ते ईंधन संकट और पर्यावरण संरक्षण को लेकर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के आह्वान पर कानपुर में कर्मचारियों एवं पेंशनर्स ने साइकिल चलाने का संकल्प लिया। मोतीझील स्थित स्वामी विवेकानंद प्रेरणा स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त कर्मचारी, पेंशनर्स और कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान लोगों को पेट्रोल और डीजल की बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य लाभ के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा श्रम प्रकोष्ठ के प्रांतीय अध्यक्ष और कर्मचारी नेता भूपेश अवस्थी ने कहा कि राष्ट्रहित में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील को कर्मचारी और पेंशनर्स पूरी गंभीरता से स्वीकार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि साइकिल चलाने से न केवल पेट्रोल और डीजल की बचत होगी, बल्कि पर्यावरण भी स्वच्छ रहेगा और लोग स्वस्थ जीवन जी सकेंगे। उन्होंने कहा कि नियमित साइकिल चलाने से शरीर कई बीमारियों से दूर रहता है और यह स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभकारी है।
भूपेश अवस्थी ने कहा कि जो पेंशनर्स साइकिल चलाना नहीं जानते हैं, उन्हें प्रशिक्षण देकर साइकिल चलाना सिखाया जाएगा। उन्होंने इसे केवल ईंधन बचत अभियान नहीं, बल्कि स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ा जनआंदोलन बताया। उन्होंने लोगों से अपील की कि छोटी दूरी के लिए दोपहिया या चारपहिया वाहनों के बजाय साइकिल का उपयोग करें।
सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा ने कहा कि कर्मचारी और पेंशनर्स हमेशा सरकार की नीतियों और अपीलों का सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की भी नैतिक जिम्मेदारी है कि कर्मचारियों और पेंशनर्स के जनवरी 2026 से देय महंगाई भत्ता और महंगाई राहत के आदेश जल्द जारी कर भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी संघ, चिकित्सा स्वास्थ्य सेवाएं उत्तर प्रदेश, हैलट अस्पताल के अध्यक्ष अजय कुशवाहा ने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील का कर्मचारी शत-प्रतिशत पालन करेंगे। उन्होंने बताया कि अस्पतालों और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के बीच भी पेट्रोल और डीजल बचत को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि यदि बड़ी संख्या में लोग छोटी दूरी के लिए साइकिल का उपयोग शुरू करें तो इससे ईंधन की खपत में भारी कमी लाई जा सकती है। साथ ही प्रदूषण नियंत्रण में भी मदद मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से साइकिल चलाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का नेतृत्व एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं संरक्षक बीएल गुलाबिया ने किया, जबकि संचालन राजेंद्र प्रसाद श्रीवास्तव एडवोकेट द्वारा किया गया। इस अवसर पर चंद्रहास सिंह चौहान, अशोक पाण्डेय, राकेश कुमार, राजेश तिलकधारी, रविंद्र कुमार मधुर, विजय बाल्मीकि, संजय उर्फ पप्पू ताराचंद, जैनेन्द्र कुमार पाण्डेय, भोलानाथ पाल, रमाकांत वर्मा, संतोष त्रिपाठी, दुर्गा प्रसाद अनुरागी, शब्बीर हसन, अजय कुशवाहा, बिंदा प्रसाद, ऋषि मोहन, बिरजू, अहमद अली समेत सैकड़ों कर्मचारी और पेंशनर्स मौजूद रहे।
पेट्रोल-डीजल बचाने को कर्मचारियों और पेंशनर्स ने लिया साइकिल चलाने का संकल्प