धार्मिक टिप्पणी और मारपीट के आरोप पर भड़के परिजन, स्कूल परिसर में हुआ हंगामा; पुलिस पहुंची मौके पर
कानपुर के नौबस्ता क्षेत्र स्थित एक स्कूल में कक्षा छह के छात्र के साथ कथित मारपीट का मामला तूल पकड़ गया। आरोप है कि माथे पर तिलक लगाकर स्कूल पहुंचे छात्र को शिक्षिका ने न सिर्फ डांटा बल्कि कई थप्पड़ भी जड़ दिए। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन स्कूल पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। मामला बढ़ता देख पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि परिजन कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
जानकारी के मुताबिक बर्रा थाना क्षेत्र के दामोदर नगर निवासी खाद्य तेल कारोबारी का बेटा किदवई नगर ब्लॉक स्थित मदर टेरेसा मिशन हायर सेकेंड्री स्कूल में कक्षा छह का छात्र है। छात्र का आरोप है कि वह प्रतिदिन माथे पर तिलक लगाकर स्कूल जाता है, लेकिन उसकी शिक्षिका इस बात को लेकर अक्सर नाराजगी जताती थीं और उसे डांटती थीं।
परिजनों के अनुसार मंगलवार को छात्र जब स्कूल पहुंचा तो शिक्षिका ने फिर तिलक लगाने को लेकर उसे टोका और कथित तौर पर तीन से चार थप्पड़ मार दिए। छात्र पूरे दिन सहमा रहा। दोपहर में जब उसके पिता स्कूल छुट्टी के बाद बेटे को लेने पहुंचे तो उसने रोते हुए पूरी घटना बताई। बेटे की बात सुनते ही पिता का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने स्कूल प्रबंधन से शिकायत की।
छात्र के पिता का आरोप है कि स्कूल प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेने के बजाय उनकी बात सुनने से ही इंकार कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि उल्टा उनके बेटे पर होमवर्क पूरा करके स्कूल न आने और अनुशासनहीनता का आरोप लगाया गया। इससे नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने स्कूल परिसर में विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते वहां भीड़ जमा हो गई और काफी देर तक हंगामा चलता रहा।
मामले की सूचना यूपी-112 पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस ने परिजनों से लिखित तहरीर देने को कहा ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके। हालांकि परिजन शिक्षिका के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। नौबस्ता थाना प्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि स्कूल में छात्र को पीटे जाने और हंगामे की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत कराया। फिलहाल मामले में कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं स्कूल की प्रधानाचार्य डॉ. बीना साइलस ने बताया कि घटना के समय वह स्कूल की दूसरी शाखा कोयला नगर में मौजूद थीं, इसलिए उन्हें पूरे घटनाक्रम की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि बुधवार को मामले की जांच की जाएगी। यदि शिक्षिका पर लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है। परिजनों का कहना है कि बच्चों के साथ किसी भी प्रकार का धार्मिक भेदभाव स्वीकार नहीं किया जाएगा। वहीं दूसरी ओर स्कूल प्रबंधन पूरे मामले को जांच के बाद स्पष्ट करने की बात कह रहा है।
फिलहाल पुलिस मामले पर नजर बनाए हुए है और तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।