कल्याणपुर में आखिर कब रुकेगा मौत का खेल? अवैध अस्पतालों पर उठे बड़े सवाल

लगातार मौतें, कार्रवाई सिर्फ कागजों तक सीमित, स्वास्थ्य विभाग की भूमिका पर भी उठ रहे सवाल

कानपुर के कल्याणपुर क्षेत्र में लगातार सामने आ रहे मरीजों की मौत के मामलों ने एक बार फिर पूरे स्वास्थ्य सिस्टम पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सूत्रों की मानें तो बीते कुछ समय में क्षेत्र में आधा दर्जन से अधिक लोगों की मौत इलाज के दौरान हो चुकी है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर जिन अस्पतालों पर बार-बार लापरवाही, गलत इलाज और मानकों की अनदेखी के आरोप लगते हैं, वे आखिर किसके संरक्षण में लगातार संचालित हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कल्याणपुर और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में ऐसे अस्पताल, नर्सिंग होम और क्लीनिक चल रहे हैं जिनके पास न पर्याप्त संसाधन हैं, न विशेषज्ञ डॉक्टर और न ही कई जगह जरूरी पंजीकरण। इसके बावजूद खुलेआम मरीजों का इलाज किया जा रहा है। कार्रवाई के नाम पर कभी नोटिस, कभी छापेमारी और कभी सीलिंग की खबरें जरूर सामने आती हैं, लेकिन कुछ दिनों बाद वही अस्पताल फिर से चालू हो जाते हैं। अब सवाल सीधे स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि बिना विभागीय मिलीभगत के इतने बड़े स्तर पर अवैध अस्पतालों का संचालन संभव ही नहीं है। अगर स्वास्थ्य विभाग नियमित निगरानी और सख्त कार्रवाई करे तो ऐसे अस्पताल लंबे समय तक चल ही नहीं सकते। लेकिन हर बड़ी घटना के बाद जांच के आदेश और कार्रवाई के दावे किए जाते हैं, फिर मामला धीरे-धीरे ठंडे बस्ते में चला जाता है। रविवार देर रात जीवन ज्योति हॉस्पिटल में भी एक मरीज की मौत के बाद हालात बेकाबू हो गए। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस को भी भारी विरोध का सामना करना पड़ा। हालात इतने बिगड़ गए कि धक्का-मुक्की और मारपीट की नौबत आ गई, जिसमें एक दरोगा समेत कुछ पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि जब तक अवैध अस्पतालों पर स्थायी कार्रवाई नहीं होगी और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय नहीं होगी, तब तक मरीजों की जान यूं ही जोखिम में पड़ती रहेगी। सवाल सिर्फ एक अस्पताल का नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम का है, जहां मरीज इलाज की उम्मीद लेकर पहुंचते हैं लेकिन कई बार लापरवाही, लालच और भ्रष्ट व्यवस्था का शिकार बन जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद