हत्या के बाद बड़ा चौराहा पर बवाल, एसडीएम के रिश्तेदार पर आरोप से भड़के परिजन

कानपुर के फीलखाना थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के बाद शनिवार को बड़ा चौराहा रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने युवक का शव सड़क पर रखकर जोरदार प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हंगामे और जाम के चलते शहर के सबसे व्यस्त चौराहों में शामिल बड़ा चौराहा पर काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा, जबकि पूरे इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
जानकारी के अनुसार मृतक युवक होजरी का काम करता था और घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के शिवाला बाजार से जुड़ी बताई जा रही है। युवक की हत्या की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव परिजनों को सौंपा गया, गुस्साए लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बड़ा चौराहा जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शन कर रहे परिजनों ने आरोप लगाया कि हत्या का मुख्य आरोपी किसी एसडीएम का करीबी रिश्तेदार है और इसी रसूख के कारण पुलिस कार्रवाई करने से बच रही है। परिजनों का कहना था कि प्रशासनिक दबाव के चलते पुलिस जानबूझकर गिरफ्तारी में देरी कर रही है। प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि जब तक मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होगी, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। एडीसीपी शिवा सिंह ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच निष्पक्ष होगी और किसी भी प्रभाव या दबाव में कार्रवाई नहीं रोकी जाएगी।
एडीसीपी ने बताया कि मामले की जांच के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई हैं। अब तक छह संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और जल्द ही मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद परिजन शव हटाने को तैयार हुए, जिसके बाद यातायात दोबारा सुचारू कराया गया। हालांकि एहतियात के तौर पर बड़ा चौराहा और शिवाला बाजार के आसपास भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस फिलहाल हत्या के हर पहलू की जांच में जुटी है ताकि वारदात के पीछे की असली वजह सामने लाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद