कानपुर। शहर में बढ़ती महंगाई, स्मार्ट मीटरों की कथित मनमानी और शिक्षा के व्यवसायीकरण के खिलाफ सोमवार को बहुजन नेशनल पार्टी (अम्बेडकर) ने जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट परिसर में एकत्र हुए और उत्तर प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद प्रमोद कुरील ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि योगी सरकार आम जनता के साथ भेदभाव कर रही है और जबरन स्मार्ट मीटर लगाकर लोगों से भारी-भरकम बिजली बिल वसूले जा रहे हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग की आर्थिक स्थिति पर गहरा असर पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि स्मार्ट मीटरों को तत्काल नहीं हटाया गया तो पार्टी आंदोलन को और तेज करेगी तथा आगामी समय में विधानसभा का घेराव किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान पार्टी ने कई प्रमुख मुद्दों को उठाया। इनमें बिना सहमति के घरों में स्मार्ट मीटर लगाए जाने और अत्यधिक बिल वसूली, रसोई गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों पर रोक लगाने की मांग, स्कूलों द्वारा अभिभावकों पर किताबें खरीदने का दबाव और शिक्षा के बढ़ते खर्च जैसे मुद्दे शामिल रहे। इसके अलावा सरकारी तंत्र और ठेकेदारों की कथित मिलीभगत से आम जनता के उत्पीड़न का आरोप भी लगाया गया।
कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान “जब-जब जुल्म करेगा सत्ता के गलियारों से, चप्पा-चप्पा गूंज उठेगा जय भीम के नारों से” जैसे नारों के साथ अपना विरोध दर्ज कराया। वक्ताओं ने कहा कि महंगाई से परेशान जनता अब बदलाव चाहती है और आने वाले समय में इसका असर चुनावों में दिखाई देगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिलाध्यक्ष मोहम्मद इरफान, डॉ. एसओ अकमल, मुजफ्फर जमाल, गुलाम वारिस, सोनेलाल गौतम, मुर्तुजा खान, मेंहदी हसन और मोहम्मद रियाज (मीडिया प्रभारी) सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
स्मार्ट मीटर और महंगाई के खिलाफ बहुजन नेशनल पार्टी का प्रदर्शन, राज्यपाल को ज्ञापन