स्वास्थ्य विभाग का बड़ा एक्शन: 19 अस्पतालों पर छापेमारी, 2 सील, कई को नोटिस

मानकों की धज्जियां उड़ाने वालों पर सख्ती

कानपुर। शहर के कल्याणपुर क्षेत्र में मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध और मानकविहीन अस्पतालों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए हड़कंप मचा दिया। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (नोडल अधिकारी, नर्सिंग होम) के नेतृत्व में की गई इस औचक कार्रवाई के दौरान कुल 19 नर्सिंग होम और अस्पतालों का निरीक्षण किया गया। जांच में भारी अनियमितताएं सामने आने पर दो अस्पतालों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया, जबकि कई अन्य को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।
कार्रवाई के दौरान टीम ने पाया कि कई अस्पतालों में बुनियादी स्वास्थ्य मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही थी। सबसे गंभीर बात यह सामने आई कि कुछ अस्पतालों में आपातकालीन सेवाओं के लिए ड्यूटी डॉक्टर तक मौजूद नहीं थे, जो सीधे तौर पर मरीजों की जान के साथ खिलवाड़ है। इसके अलावा कई संस्थान बिना वैध एनओसी और आवश्यक दस्तावेजों के ही संचालित हो रहे थे।
निरीक्षण में यह भी उजागर हुआ कि कुछ अस्पतालों ने अपने बोर्ड पर आईसीयू और एनआईसीयू जैसी उन्नत सुविधाओं का दावा तो कर रखा था, लेकिन हकीकत में वहां ऐसी कोई व्यवस्था मौजूद नहीं थी। इस तरह के भ्रामक प्रचार को स्वास्थ्य विभाग ने बेहद गंभीरता से लेते हुए कड़ी कार्रवाई की बात कही है।
इन अस्पतालों पर गिरी गाज: गंभीर अनियमितताओं के चलते संजयदीप हॉस्पिटल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। एलएस नर्सिंग होम को पूर्व में पाई गई कमियों के आधार पर पुनः सील करने की संस्तुति की गई है। न्यू पुष्पांजली और मॉ नर्सिंग होम को एनओसी से जुड़े दस्तावेज न होने के कारण नोटिस जारी किया गया।
वहीं साम्भवी मेडिकल सेंटर और एचआर हॉस्पिटल में ड्यूटी डॉक्टर के नदारद मिलने पर स्पष्टीकरण मांगा गया है। शिवाय हॉस्पिटल और संस्कार हेल्थ केयर के खिलाफ नियमों के उल्लंघन पर विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इसके अलावा अल्का मेडिकल सेंटर, सारांश हॉस्पिटल, डिवाइन हॉस्पिटल, किरन मेडिकल सेंटर और कानपुर मेड हॉस्पिटल में भी गंभीर खामियां पाई गईं। वहीं महादेव हॉस्पिटल, कांशि हॉस्पिटल एंड सर्जिकल सेंटर, कल्याण ट्रॉमा सेंटर, पृथ्वी हॉस्पिटल, वात्सल्य हॉस्पिटल और मर्सी हॉस्पिटल को भी मानकों की अनदेखी पर सख्त नोटिस जारी किए गए हैं।
“मरीजों की जान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं”
नोडल अधिकारी (नर्सिंग होम) ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी कीमत पर मरीजों की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि जो भी अस्पताल बिना मानकों के संचालित हो रहे हैं या नियमों की अनदेखी कर रहे हैं, उनके खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
अभियान रहेगा जारी
स्वास्थ्य विभाग ने संकेत दिए हैं कि यह अभियान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि शहर के अन्य क्षेत्रों में भी लगातार छापेमारी कर अवैध अस्पतालों पर शिकंजा कसा जाएगा। प्रशासन की इस कार्रवाई से जहां अवैध रूप से संचालित अस्पतालों में हड़कंप है, वहीं आम जनता ने इस कदम का स्वागत किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद