बस स्टॉप, यात्री सुविधाएं और इलेक्ट्रिक बस संचालन सुधारने के निर्देश
कानपुर में शहरी परिवहन व्यवस्था को और अधिक सुचारु, सुरक्षित और यात्री-हितैषी बनाने के उद्देश्य से Kanpur City Transport Services Limited (केसीटीएसएल) के निदेशक मंडल की 22वीं बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडलायुक्त कानपुर मंडल एवं केसीटीएसएल के अध्यक्ष K. Vijayendra Pandian ने की।
बैठक में अपर जिलाधिकारी डॉ. राजेश कुमार, डीसीपी (यातायात) रविन्द्र कुमार, सम्भागीय परिवहन अधिकारी राकेन्द्र कुमार, केसीटीएसएल के प्रबंध निदेशक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक की शुरुआत निदेशक मंडल के नवनियुक्त सदस्यों के स्वागत से हुई, वहीं निवर्तमान सदस्यों के योगदान को सराहते हुए उन्हें धन्यवाद दिया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
इसके बाद पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों की बिंदुवार समीक्षा की गई और उनके क्रियान्वयन की स्थिति का आकलन किया गया। अध्यक्ष द्वारा अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि जिन निर्णयों पर अभी तक अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए।
बैठक के दौरान शहर में बस सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई। नगर निगम के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर देते हुए निर्देश दिए गए कि शहर के प्रमुख स्थानों पर बने यात्री शेल्टरों का संयुक्त निरीक्षण कराया जाए और जहां अतिक्रमण है, उसे तत्काल हटाया जाए। साथ ही, यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नए बस स्टॉपेज चिन्हित कर उन्हें विकसित करने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश भी दिए गए।
इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को अधिक प्रभावी बनाने के लिए उनके लोड फैक्टर (यात्रियों की संख्या) में वृद्धि सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके लिए अधिकारियों को ठोस कार्ययोजना तैयार करने और उसके सख्ती से पालन कराने को कहा गया, ताकि बसों का अधिकतम उपयोग हो सके और परिवहन व्यवस्था आर्थिक रूप से भी मजबूत बने।
सेवा प्रदाता फर्मों को भी स्पष्ट निर्देश दिए गए कि बसों का संचालन केवल निर्धारित स्टॉपेज पर ही किया जाए। यात्रियों को अनधिकृत स्थानों पर चढ़ाने-उतारने पर सख्त रोक लगाने के लिए कहा गया। यह भी चेतावनी दी गई कि यदि निर्देशों का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित फर्मों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में यह भी जोर दिया गया कि बस सेवाओं की समयबद्धता, स्वच्छता, सुरक्षा और यात्रियों के साथ व्यवहार जैसे पहलुओं में सुधार लाया जाए, जिससे आम जनता को बेहतर परिवहन सुविधा मिल सके।
अंत में केसीटीएसएल के प्रबंध निदेशक ने सभी उपस्थित सदस्यों और अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के समन्वित प्रयासों से कानपुर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा।