कानपुर- शहर की कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले अपराधियों के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। बर्रा पुलिस ने ₹25,000 के इनामी और शातिर अपराधी हिमांशु उर्फ साहिल उर्फ “मुसीबत” को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसकी सार्वजनिक परेड निकालकर साफ संदेश दिया कि अपराध का अंजाम आखिरकार जेल ही होता है।
लंबे समय से फरार चल रहे इस बदमाश को पकड़ने के बाद पुलिस ने इलाके में उसका जुलूस निकाला। इस दौरान आरोपी हाथ जोड़कर पुलिस के आगे-आगे चलता नजर आया। इस कार्रवाई से जहां आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है, वहीं अपराधियों के बीच डर का माहौल भी बना है।
प्रेस वार्ता में दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि हिमांशु उर्फ साहिल एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ रंगदारी, मारपीट, फायरिंग और अमानवीय कृत्यों जैसे कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। वह लंबे समय से फरार था, जिसके चलते उस पर ₹25,000 का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस के अनुसार, “मुसीबत” नाम से कुख्यात इस बदमाश ने हाल ही में एक युवक को बंधक बनाकर उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस घटना के बाद पुलिस पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया था और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई थी।
डीसीपी दक्षिण ने स्पष्ट कहा कि कानपुर में गुंडागर्दी और अराजकता फैलाने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि आम नागरिक बिना डर के जीवन जी सकें।
इनामी बदमाश “मुसीबत” गिरफ्तार