सैलून विवाद के बाद ‘संजीवनी क्लीनिक’ पर हमला, मरीज घायल; वारदात CCTV में कैद
कानपुर। रावतपुर थाना क्षेत्र के रोशन नगर इलाके में सोमवार को दबंगों ने एक मेडिकल क्लीनिक में घुसकर जमकर उत्पात मचाया। मामूली विवाद के बाद हुए इस हमले में इलाज कराने आया एक मरीज घायल हो गया, जबकि क्लीनिक के उपकरण और फर्नीचर को भी भारी नुकसान पहुंचा। पूरी घटना क्लीनिक में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, क्लीनिक संचालक सादाब अहमद अपने बेटे के बाल कटवाने पास के एक सैलून में गए थे, जहां किसी बात को लेकर सैलून संचालक से उनकी कहासुनी हो गई। विवाद शांत होने के बाद सादाब अपने क्लीनिक लौट आए, लेकिन आरोप है कि सैलून संचालक रंजिश पाल बैठा।
कुछ ही देर बाद वह अपने 5-6 साथियों के साथ ‘संजीवनी क्लीनिक’ पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए क्लीनिक में घुसकर मारपीट व तोड़फोड़ शुरू कर दी। वायरल सीसीटीवी फुटेज में आरोपी युवकों को अंदर घुसकर हंगामा करते साफ देखा जा सकता है। दबंगों ने बाहर से पथराव भी किया, जिससे एक मासूम मरीज घायल हो गया।
हमले में क्लीनिक के शीशे टूट गए और फर्नीचर क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पीड़ित संचालक ने रावतपुर थाने में नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।