रेल मदद रेफरेंस पर सक्रिय हुई टीम, देवास पुलिस को सौंपा बच्चा
कानपुर। ऑपरेशन ‘नन्हे फरिश्ते’ के तहत RPF कानपुर सेंट्रल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत नाबालिग बच्चे को सकुशल बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है।
रेल मदद रेफरेंस नंबर 2026041906408 के आधार पर मिली सूचना पर RPF टीम सक्रिय हुई। उप निरीक्षक मो. असलम खान ने शिकायतकर्ता से संपर्क किया, जिसमें सतीश सिंह ने बताया कि उनका पुत्र रोहित सिंह (16 वर्ष) देवास (मध्य प्रदेश) से लापता है और उसके कानपुर सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर होने की सूचना मिली है।
सूचना मिलते ही RPF टीम ने प्लेटफॉर्म नंबर-1 और आसपास के क्षेत्र में सघन खोजबीन शुरू की। हावड़ा एंड पुल के पास संदिग्ध हुलिए के आधार पर बच्चे को बरामद कर पोस्ट लाया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम रोहित सिंह पुत्र सतीश सिंह, निवासी विकास नगर, थाना इंडस्ट्रियल एरिया, देवास बताया।
बच्चे को सुरक्षित रखते हुए उसे भोजन-पानी उपलब्ध कराया गया और महिला स्टाफ की निगरानी में रखा गया। इस बीच देवास के औद्योगिक क्षेत्र थाना से उप निरीक्षक नरेंद्र ओंकारे ने संपर्क कर बताया कि मामले में अपहरण का मुकदमा दर्ज है और टीम कानपुर के लिए रवाना हो चुकी है। मंगलवार को देवास पुलिस टीम और बच्चे के पिता कानपुर सेंट्रल पहुंचे। आवश्यक दस्तावेजों और FIR (मुकदमा संख्या 0327/26, धारा 137(2) BNS 2023) की पुष्टि के बाद उप निरीक्षक एस.के. कटियार द्वारा बच्चे को देवास पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। इस सराहनीय कार्य के लिए परिजनों ने RPF टीम का आभार व्यक्त किया।