कानपुर नगर। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कानपुर के सामुदायिक विज्ञान संकाय में मानव विकास एवं पारिवारिक अध्ययन विभाग द्वारा “द रोल ऑफ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इन शेपिंग फैमिली डायनामिक्स एक्रोस लाइफ स्पैन” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।कार्यक्रम के प्रारंभ में विभाग की प्रभारी डॉ. मुक्ता गर्ग ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में एआई का उपयोग जीवन के हर क्षेत्र में तेजी से बढ़ रहा है और यह मानव जीवन की विभिन्न अवस्थाओं में उपयोगी साबित हो रहा है।इस अवसर पर पीएचडी द्वितीय सेमेस्टर की छात्राओं ने शैशव, बाल्यावस्था, किशोरावस्था, प्रौढ़ावस्था एवं वृद्धावस्था में एआई के उपयोग पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही विभिन्न ऐप्स के प्रयोग की विधि और उनसे जुड़ी सावधानियों पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के अंत में क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें डॉ. सुमेधा चौधरी ने प्रश्न पूछे और प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अधिष्ठाता, सामुदायिक विज्ञान संकाय ने सभी को शुभाशीष देते हुए शिक्षकों और विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की।कार्यक्रम का संचालन डॉ. श्वेता राय ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन श्रीमती रेनू ने दिया। इस अवसर पर डॉ. संघमित्रा महापात्र सहित संकाय की अन्य शिक्षिकाएं भी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की सफलता में आरती, अंजली, इंदु, वैष्णवी और निहारिका का विशेष योगदान रहा।
जीवन के हर चरण में एआई की भूमिका पर चर्चा