आउटर पर वार करने वाले दो शातिर मोबाइल चोर गिरफ्तार

कानपुर।
राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) कानपुर सेंट्रल को बड़ी सफलता हाथ लगी है। लगातार मिल रही मोबाइल चोरी की शिकायतों के बीच जीआरपी ने चेकिंग अभियान चलाकर दो शातिर मोबाइल चोरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जावेद और जीशान के रूप में हुई है, जो लंबे समय से रेलवे क्षेत्र में सक्रिय थे और यात्रियों को निशाना बनाकर वारदातों को अंजाम दे रहे थे।
जानकारी के अनुसार जीआरपी प्रभारी निरीक्षक ओमनारायण सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम स्टेशन परिसर, प्लेटफार्म और आसपास के संदिग्ध रास्तों पर सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान स्टेशन के मरी कंपनी पुल के पास दो संदिग्ध युवक नजर आए, जिन्हें रोककर पूछताछ की गई। पहले तो दोनों टालमटोल करते रहे, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने अपने अपराध कबूल कर लिए।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे ट्रेन के आउटर पर धीमी होने का इंतजार करते थे और खिड़की या दरवाजे के पास बैठे यात्रियों के हाथ से मोबाइल छीनकर फरार हो जाते थे। इस तरीके से उन्होंने कई वारदातों को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार दोनों अभियुक्तों के खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में करीब 17 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें चोरी और लूट की धाराएं शामिल हैं।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से Realme और Vivo कंपनी के तीन महंगे मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 1.5 लाख रुपये बताई जा रही है। बरामद मोबाइलों के संबंध में पुलिस अन्य मामलों से भी कड़ियां जोड़ने में जुटी है, जिससे और खुलासे होने की संभावना है।
इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक ओमनारायण सिंह के साथ उपनिरीक्षक अर्पित तिवारी, शशिकांत सरोज, आशीष कुमार बौद्ध और उनकी टीम की अहम भूमिका रही। जीआरपी अधिकारियों ने टीम की सतर्कता और तत्परता की सराहना की है।
फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। जीआरपी का कहना है कि रेलवे क्षेत्र में यात्रियों की सुरक्षा के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद