कानपुर। 37वीं वाहिनी पीएसी परिसर में जनसेवा और स्वास्थ्य जागरूकता का सराहनीय उदाहरण देखने को मिला, जहां निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर संकल्प सेवा समिति और आई.क्यू.आई. हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ।
सेनानायक बी.बी. चौरसिया एवं उपसेनानायक तनु उपाध्याय के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में वाहिनी के अधिकारियों, कर्मचारियों, उनके परिजनों और प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट आरक्षियों के नेत्रों की जांच की गई। विशेषज्ञ टीम द्वारा न केवल परीक्षण किया गया, बल्कि नेत्र सुरक्षा से जुड़े आवश्यक परामर्श भी दिए गए।
वहीं, मधुलोक ब्लड बैंक के सहयोग से आयोजित रक्तदान शिविर में जवानों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रिक्रूट आरक्षियों समेत पुलिस कर्मियों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया।
सेनानायक ने स्वयं शिविर का निरीक्षण कर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया और उन्हें प्रशंसा पत्र व विशेष उपहार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि पीएसी बल सिर्फ कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी निभाने में भी अग्रणी है।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों द्वारा सेनानायक को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। इस दौरान डॉ. ए.के. अवस्थी सहित कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
पीएसी जवानों ने पेश की सेवा की मिसाल