मनीष गुप्ता
कानपुर के चर्चित अवैध किडनी खरीद-फरोख्त मामले में पुलिस ने फरार आरोपियों पर शिकंजा कसते हुए तीन मुख्य आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। रावतपुर थाना पुलिस इस मामले में लगातार दबिश दे रही है और विशेष टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।
पुलिस के अनुसार रोहित, अफजाल और मुदस्सर अली लंबे समय से फरार हैं और किडनी रैकेट के संचालन में इनकी अहम भूमिका रही है। डीसीपी पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी ने इनकी गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित करते हुए स्पष्ट किया है कि किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
गौरतलब है कि इस सनसनीखेज मामले का खुलासा होने के बाद से पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है और अब तक 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। जांच में सामने आया है कि गिरोह जरूरतमंद और भोले-भाले लोगों को बहलाकर उनके अंगों का अवैध सौदा करता था।
पुलिस को फरार आरोपियों के संबंध में कुछ अहम सुराग भी मिले हैं, जिनके आधार पर छापेमारी तेज कर दी गई है। साथ ही आरोपियों के करीबियों से पूछताछ भी जारी है।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि इन आरोपियों के बारे में कोई जानकारी हो तो तुरंत सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और उसे घोषित इनाम भी दिया जाएगा।