कानपुर में पुलिस कमिश्नरेट द्वारा बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए थाना जूही क्षेत्र की परमपुरवा चौकी के नवनिर्मित भवन का शुक्रवार को उद्घाटन किया गया। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) दीपेंद्र नाथ चौधरी ने फीता काटकर चौकी का शुभारंभ किया।
लंबे समय से चौकी भवन के जीर्णोद्धार की जरूरत महसूस की जा रही थी, जिसे अब आधुनिक सुविधाओं के साथ नया स्वरूप दिया गया है। उद्घाटन के बाद डीसीपी ने परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की सराहना की और कहा कि स्वच्छ व व्यवस्थित कार्यस्थल से पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता बढ़ती है।
उन्होंने कहा कि चौकी का नया स्वरूप न केवल पुलिस के लिए बेहतर कार्य वातावरण प्रदान करेगा, बल्कि आम जनता को भी अपनी समस्याएं रखने में सुविधा होगी। साथ ही अधिकारियों को जनसुनवाई को प्राथमिकता देने और क्षेत्र में अपराध नियंत्रण के लिए सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर अपर पुलिस उपायुक्त (दक्षिण), सहायक पुलिस आयुक्त बाबूपुरवा, थाना प्रभारी जूही, चौकी इंचार्ज सहित क्षेत्रीय पार्षद और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की सक्रियता बढ़ने की उम्मीद जताई।
परमपुरवा चौकी का नया भवन शुरू