सुबह 6 बजे सड़क पर उतरे नगर आयुक्त, सफाई पर सख्ती

कानपुर—स्वच्छ सर्वेक्षण-2026 में शहर को शीर्ष स्थान दिलाने के लक्ष्य के साथ नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय गुरुवार तड़के 6 बजे खुद सड़कों पर उतरकर सफाई व्यवस्था का जायजा लेने निकले। उन्होंने शहर के विभिन्न वार्डों, कूड़ा अड्डों और प्रमुख चौराहों का निरीक्षण कर मौके पर ही खामियों को सुधारने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त पोस्टमार्टम हाउस, हैलट अस्पताल, नरेंद्र मोहन सेतु, लाजपत नगर और जेके मंदिर मुख्य मार्ग पहुंचे। जेके मंदिर के पास कूड़े के ढेर मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए निर्देश दिया कि यह मुख्य मार्ग है, यहां सुबह-सुबह सफाई हर हाल में सुनिश्चित की जाए।
आंधी-तूफान से गिरे पेड़ों को लेकर भी नगर आयुक्त सख्त दिखे। उन्होंने उद्यान विभाग को निर्देश दिया कि पेड़ों की कटिंग और हटाने के लिए दो अतिरिक्त टीमें तुरंत लगाई जाएं, ताकि आवागमन में बाधा न हो।
वार्ड-69 सरोजनी नगर में निरीक्षण के दौरान पार्षद अरविंद यादव ने चैन फैक्ट्री से सिंधी कॉलोनी और शास्त्री नगर मंदिर तक फुटपाथ पर अतिक्रमण की समस्या उठाई। इस पर नगर आयुक्त ने सख्त रुख अपनाते हुए सप्ताह में तीन दिन नियमित अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाने के निर्देश दिए।
शास्त्री नगर स्थित हेमू कल्याणी पार्क की हालत खराब मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। पार्क का पाथवे टूटा मिला, फाउंटेन बंद था और जगह-जगह गंदगी व क्षतिग्रस्त संरचनाएं दिखीं। उन्होंने उद्यान विभाग को तत्काल सुधार कार्य शुरू करने और पार्क समिति से जुड़े समझौते की फाइल पेश करने के निर्देश दिए।
फजलगंज खोया मंडी चौराहे पर सामुदायिक शौचालय की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली। मशीनें खराब थीं और पानी की टंकी लीक कर रही थी। नगर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण-2026 की चेकलिस्ट के अनुसार एक सप्ताह के भीतर सभी शौचालयों को दुरुस्त किया जाए और तीन दिन में विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए।
सिंधी कॉलोनी में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण की हकीकत जानने के लिए नगर आयुक्त ने खुद एक घर के स्वामी से बातचीत की। स्थानीय निवासी ने सफाई व्यवस्था को संतोषजनक बताते हुए नगर निगम के प्रयासों की सराहना की।
निरीक्षण के दौरान नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमित सिंह, जोनल स्वच्छता अधिकारी विजय शंकर शुक्ला, क्षेत्रीय पार्षद और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद