सस्ते इलाज के नाम पर ठगी करने वाली महिला गिरफ्तार

कानपुर। शहर के कार्डियोलॉजी अस्पताल में तीमारदारों को निशाना बनाकर जेवर ठगने वाली शातिर महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने सस्ते इलाज का झांसा देकर एक महिला से सोने के जेवर उतरवा लिए थे, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया है।
घटना स्वरूप नगर थाना क्षेत्र स्थित हैलेट चौकी के अंतर्गत कार्डियोलॉजी अस्पताल की है, जहां एक महिला अपने परिजन का इलाज कराने पहुंची थी। इसी दौरान अनीता उर्फ गुड्डी नाम की महिला ने उससे संपर्क किया और कम खर्च में बेहतर इलाज कराने का भरोसा दिलाया।
आरोपी ने बातों में उलझाकर पीड़िता के जेवर उतरवा लिए और मौके से फरार हो गई। ठगी का एहसास होने पर पीड़िता ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सर्विलांस टीम को सक्रिय किया और अस्पताल सहित आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान अनीता दुबे उर्फ गुड्डी, निवासी अचलगंज (उन्नाव) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगे गए सभी सोने के जेवर बरामद कर लिए हैं। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अस्पतालों में भोले-भाले तीमारदारों को निशाना बनाकर ठगी करती थी। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद