यातायात लापरवाही पर तीन पुलिसकर्मी लाइन हाजिर

कानपुर। शहर में बेहतर यातायात व्यवस्था लागू करने को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार को अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. विपिन ताडा के औचक निरीक्षण के दौरान घंटाघर चौराहे पर अव्यवस्था और ड्यूटी में लापरवाही सामने आने पर एक ट्रैफिक इंस्पेक्टर समेत तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया।
बताया गया कि प्रदेश स्तर पर लागू ‘सुगम यातायात योजना’ के तहत कानपुर के 14 प्रमुख मार्गों को चिन्हित किया गया है। इसी क्रम में डॉ. ताडा निरीक्षण के लिए घंटाघर पहुंचे, जहां पहले से दिए गए निर्देशों के बावजूद ई-रिक्शा और ऑटो अनियमित रूप से खड़े मिले और अतिक्रमण भी बरकरार था। मौके पर तैनात पुलिसकर्मी अपने कर्तव्यों के प्रति उदासीन पाए गए।
कार्रवाई के तहत ट्रैफिक इंस्पेक्टर रविन्द्र कुमार सिंह (पूर्वी जोन द्वितीय), चौकी इंचार्ज सूतरखाना सुमित कुमार और चौकी इंचार्ज नयागंज कामेश राज को लाइन हाजिर किया गया है।
अपर पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि ‘RTC स्कीम’ के तहत शहर को जाम मुक्त बनाना प्राथमिकता है। घंटाघर जैसे व्यस्त चौराहों पर अवैध पार्किंग और अतिक्रमण से आम जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने सख्त चेतावनी दी कि आगे भी यदि यातायात व्यवस्था में लापरवाही मिली तो संबंधित अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही निर्देश दिए गए कि चिन्हित मार्गों पर ई-रिक्शा और ऑटो का संचालन केवल निर्धारित स्थानों से ही सुनिश्चित किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद