कानपुर:
रेलवे स्टेशन पर अपनों से बिछड़ने का दर्द उस समय राहत और खुशी में बदल गया, जब जीआरपी कानपुर सेंट्रल की सतर्कता और मुस्तैदी से एक 14 वर्षीय लापता बालिका को कुछ ही घंटों में खोजकर सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। इस संवेदनशील और त्वरित कार्रवाई की यात्रियों व परिजनों द्वारा जमकर सराहना की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार को लखनऊ के बारी रोड, बालागंज निवासी अरविंद कुमार शर्मा अपनी 14 वर्षीय पुत्री रूपा (परिवर्तित नाम) के साथ कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 4/5 पर किसी तरह उनकी पुत्री उनसे बिछड़ गई। पिता ने बताया कि बालिका मानसिक रूप से कमजोर है और उसका इलाज भी चल रहा है, जिससे उसकी चिंता और बढ़ गई।
काफी देर तक स्टेशन परिसर में तलाश करने के बाद भी जब बालिका का कोई सुराग नहीं मिला, तो परेशान पिता ने जीआरपी थाना कानपुर सेंट्रल पहुंचकर मदद की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक विशेष टीम का गठन किया।
टीम ने बिना समय गंवाए आरपीएफ कंट्रोल रूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। साथ ही प्लेटफॉर्म पर तैनात पुलिसकर्मियों को अलर्ट कर दिया गया और स्टेशन परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस की यह तत्परता रंग लाई और कुछ ही घंटों के भीतर बालिका का सुराग मिल गया।
तलाशी के दौरान बालिका दिल्ली साइड की ओर बने पैदल पुल पर अकेली बैठी हुई मिली। मौके पर मौजूद महिला हेड कांस्टेबल विपिन यादव ने उसे सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया और तत्काल जीआरपी थाने लेकर आईं, जहां उसे पूरी तरह सुरक्षित रखा गया।
कुछ ही देर बाद पिता को थाने बुलाया गया, जहां उन्होंने अपनी पुत्री की पहचान की। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बालिका को सकुशल उसके पिता के सुपुर्द कर दिया गया। बेटी को सुरक्षित पाकर पिता की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े और उन्होंने जीआरपी टीम का तहेदिल से आभार व्यक्त किया।
इस सफल रेस्क्यू ऑपरेशन में प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक विनोद कुमार यादव, अभिषेक शुक्ला, मनोज कुमार, हेड कांस्टेबल राजकमल वर्मा, महिला हेड कांस्टेबल विपिन यादव, कांस्टेबल सत्येंद्र सिंह, शिवेंद्र कुमार, सूर्यकांत यादव एवं बलवंत चौधरी सहित पूरी टीम की सराहनीय भूमिका रही।
जीआरपी की इस तत्पर कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया कि संकट की घड़ी में पुलिस की सजगता और संवेदनशीलता लोगों के लिए राहत और भरोसे का बड़ा सहारा बनती है।
कानपुर सेंट्रल पर जीआरपी का त्वरित एक्शन, लापता बालिका को सुरक्षित कर परिजनों से मिलाया