कानपुर नगर। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के अंतर्गत कृषि विज्ञान केंद्र, दिलीप नगर में पराली प्रबंधन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किसानों को बैटरी चालित ‘ई-ब्रश कटर’ मशीनों का वितरण किया गया। यह कार्यक्रम प्रसार निदेशालय द्वारा संचालित योजना के तहत आयोजित किया गया, जिसमें 100 मशीनें किसानों को उपलब्ध कराई गईं।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि निदेशक प्रसार डॉ. वी.के. त्रिपाठी ने बताया कि इन आधुनिक मशीनों के उपयोग से किसान पराली जलाने की समस्या से बचते हुए खेतों का बेहतर प्रबंधन कर सकेंगे। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ खेती की लागत भी कम होगी।
विकल्प संस्था के अनंत चतुर्वेदी ने मशीन की उपयोगिता बताते हुए कहा कि इससे गेहूं, धान, चना, उर्द, मूंग और सरसों जैसी फसलों की कटाई के साथ-साथ खेतों में उगी जंगली घास की सफाई भी आसानी से की जा सकती है। उन्होंने बताया कि एक श्रमिक 8 से 10 घंटे में लगभग एक एकड़ क्षेत्र की कटाई इस मशीन से कर सकता है, जिससे प्रति एकड़ करीब 2 से 2.5 हजार रुपये तक की बचत होती है।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के निदेशक शोध डॉ. महक सिंह, निदेशक बीज एवं प्रक्षेत्र डॉ. विजय कुमार यादव, वैज्ञानिक डॉ. राजेश राय, डॉ. विनोद प्रकाश, डॉ. भूपेंद्र कुमार सिंह, डॉ. निमिषा अवस्थी सहित कई वैज्ञानिक और अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही एसआरएफ शुभम यादव, भगवान पाल, उपेंद्र सिंह समेत बड़ी संख्या में किसान भी कार्यक्रम में शामिल हुए।कार्यक्रम का संचालन डॉ. खलील खान ने किया, जबकि अंत में धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अरुण कुमार सिंह द्वारा किया गया।
पराली जलाने पर रोक को बढ़ावा, किसानों को बांटी गई बैटरी मशीनें