घंटाघर पर अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई

कानपुर के व्यस्ततम व्यापारिक इलाके घंटाघर चौराहा पर प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए सड़क पर कब्जा जमाने वालों पर जोरदार कार्रवाई की। पुलिस और ट्रैफिक विभाग की संयुक्त टीम ने सड़क घेरकर दुकान सजाने वाले पक्के दुकानदारों और अवैध ठेला-ठेलियों को हटाकर पूरे क्षेत्र को खाली कराया, जिससे अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया।
कानपुर कमिश्नरेट के पूर्वी जोन में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत यह अभियान चलाया गया। इस दौरान कलक्टरगंज थाना प्रभारी विनय तिवारी और ट्रैफिक पुलिस के टीएसआई रविन्द्र सिंह ने भारी पुलिस बल के साथ मोर्चा संभाला।
अभियान के दौरान यह सामने आया कि कई पक्के दुकानदारों ने अपनी दुकानों का सामान सड़क तक फैला रखा था, जबकि अवैध ठेलों के कारण आम राहगीरों और वाहन चालकों का निकलना मुश्किल हो रहा था। पुलिस ने तत्काल प्रभाव से इन कब्जों को हटवाते हुए सड़कों को पूरी तरह खाली कराया।
कार्रवाई के दौरान सिर्फ अतिक्रमण हटवाया ही नहीं गया, बल्कि संबंधित दुकानदारों को कड़ी चेतावनी भी दी गई। थाना प्रभारी विनय तिवारी ने साफ शब्दों में कहा कि सड़कों और चौराहों पर किसी भी तरह का अतिक्रमण अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ज्ञात हो कि घंटाघर क्षेत्र कानपुर का सबसे व्यस्त बाजार इलाका है, जहां रोजाना जाम की गंभीर समस्या बनी रहती थी। इस कार्रवाई के बाद इलाके की तस्वीर बदली नजर आई और सड़कें साफ होने से यातायात सुचारू हो गया। वाहन चालकों और पैदल राहगीरों ने राहत की सांस ली।
स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान नियमित रूप से चलने चाहिए, ताकि जाम और दुर्घटनाओं की समस्या पर स्थायी रूप से नियंत्रण पाया जा सके।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर और सुरक्षित बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद