कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। भेवली गांव में सोमवार शाम शराब के नशे में धुत एक पति ने अपनी पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी हरिपाल पिछले कई दिनों से शराब के नशे में घर में झगड़ा कर रहा था। विवाद की जड़ एक सूअर था, जिसे मृतका रामदेवी (38) ने पाल रखा था। करीब चार दिन पहले हरिपाल ने उस सूअर को बेच दिया और मिले पैसों से शराब पी ली। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच लगातार तनाव बना हुआ था।
सोमवार शाम करीब 4 बजे रामदेवी अपनी बेटी राधा और अन्य लोगों के साथ खेत में गेहूं काटने गई थी। राधा पास ही काम कर रही थी, जबकि रामदेवी सब्जियों की निराई कर रही थी। आरोप है कि हरिपाल पहले से ही पास के अरहर के खेत में छिपा बैठा था। मौका मिलते ही उसने पीछे से आकर मोटे डंडे से रामदेवी के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले की आवाज सुनकर बेटी और आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। गंभीर रूप से घायल रामदेवी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मृतका अपने पीछे दो बेटे विनीत और मनीष तथा दो बेटियां राधा और निधि को छोड़ गई है। मां की मौत के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही रामदेवी के मायके फुफुवार गांव से भी बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए, जिससे गांव में आक्रोश और तनाव का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलते ही एडीसीपी पूर्वी अंजली विश्वकर्मा और थाना प्रभारी राजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एडीसीपी पूर्वी अंजली विश्वकर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच कई दिनों से विवाद की बात सामने आई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।
महाराजपुर में पत्नी की पीट-पीटकर हत्या, आरोपी पति फरार