IIT से मोतीझील तक किया सफर, चेकिंग व्यवस्था परखी, महिला सुरक्षा को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता
कानपुर मेट्रो में यात्रियों की सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल खुद मैदान में उतर आए। उन्होंने IIT कानपुर मेट्रो स्टेशन से मोतीझील तक मेट्रो में सफर कर सुरक्षा व्यवस्था का जमीनी जायजा लिया और यात्रियों से सीधे संवाद कर उनकी प्रतिक्रिया जानी। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा कर्मियों की मुस्तैदी को भी परखा और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सुबह पुलिस आयुक्त IIT कानपुर मेट्रो स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने सबसे पहले एंट्री गेट पर चल रही चेकिंग और फ्रिस्किंग व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा उपकरणों की कार्यप्रणाली, बैगेज स्कैनिंग और यात्रियों की तलाशी प्रक्रिया को ध्यानपूर्वक देखा और मौके पर मौजूद कर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए।
इसके बाद पुलिस आयुक्त आम यात्रियों की तरह मेट्रो ट्रेन में सवार हुए। सफर के दौरान उन्होंने कोच में मौजूद सुरक्षा कर्मियों की तैनाती, उनकी सतर्कता और आपातकालीन परिस्थितियों में उनकी प्रतिक्रिया क्षमता का परीक्षण किया। उन्होंने यह भी जाना कि किसी अप्रिय स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए क्या-क्या इंतजाम किए गए हैं।
यात्रा के दौरान पुलिस आयुक्त ने छात्र-छात्राओं, महिलाओं और बुजुर्ग यात्रियों से बातचीत की। उन्होंने यात्रियों से पूछा कि वे मेट्रो में कितना सुरक्षित महसूस करते हैं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उनकी क्या राय है। यात्रियों ने मेट्रो की आधुनिक सुविधाओं और पुलिस की सक्रियता पर संतोष जताया। कई महिला यात्रियों ने विशेष रूप से सुरक्षा व्यवस्था को भरोसेमंद बताया।
मोतीझील स्टेशन पहुंचने के बाद पुलिस आयुक्त ने वहां तैनात पुलिस बल और निजी सुरक्षा गार्डों के साथ बैठक की। उन्होंने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं पर विशेष नजर रखी जाए और रैंडम चेकिंग को और बढ़ाया जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि किसी भी आपातकालीन स्थिति या तकनीकी खराबी के समय यात्रियों को सुरक्षित निकालने के लिए मॉक ड्रिल और इमरजेंसी प्रोटोकॉल का नियमित अभ्यास किया जाए। इसके साथ ही मेट्रो स्टेशनों के बाहरी क्षेत्रों और पार्किंग में गश्त बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए, ताकि असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने स्पष्ट कहा कि कानपुर मेट्रो शहर की शान बन चुकी है और इसकी सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने दोहराया कि यात्रियों, खासकर महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे।